सतीश हत्याकांड का पर्दाफाश, भतीजा गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : पैतृक संपत्ति का विवाद और पारिवारिक रंजिश के कारण सगे भतीजे ने चाचा पर
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : पैतृक संपत्ति का विवाद और पारिवारिक रंजिश के कारण सगे भतीजे ने चाचा पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। जिससे युवक 80 प्रतिशत जल गया था। स्थानीय अस्पताल के डॉक्टरों के इन्कार करने पर उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई। कटघर पुलिस ने हत्या में मुकदमा तरमीम करने के बाद भतीजे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थानाक्षेत्र के देहरी गांव निवासी सतीश कुमार (48) का पारिवारिक विवाद भतीजे अरविंद, अजय, प्रांचल और अपनेश से चल रहा था। 14 अक्टूबर को सतीश अपनी स्कूटी से वापस आकर देहरी गांव में स्कूटी खड़ी कर बैठे थे। इसी बीच अरविंद ने पीछे से आकर उन पर पेट्रोल उड़ेल दिया था। जब तक वे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अरविंद ने माचिस निकाल कर आग लगा दी। जिससे वे गंभीर रूप से जल गए थे। आरोपियों के भागने के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें बचाया और परिवार वालों को मामले की जानकारी दी। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल ले गए जहां से कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल भेज दिया था। वहां से भी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था। सतीश कुमार के बेटे शैलेंद्र की तहरीर पर अरविंद, अजय, प्रांचल और अपनेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान सतीश कुमार की मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस को सतीश की मृत्यु की जानकारी दी गई। पुलिस ने मुकदमा हत्या में तरमीम कर आरोपी अरविंद को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर पेट्रोल की बोतल और कटोरा बरामद कर लिया। पुलिस हिरासत में आरोपी अरविंद ने बताया कि लगातार मुकदमे बाजी से वह परेशान हो गया था, इस कारण उसने चाचा सतीश की हत्या कर दी। थानाध्यक्ष ओंकार सिंह ने बताया कि अरविंद को जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।