डलाव घर बन गए खाली प्लाट
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : महानगर में स्वच्छता अभियान दो साल से चल रहा है। नगर निगम के अभियान के स
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : महानगर में स्वच्छता अभियान दो साल से चल रहा है। नगर निगम के अभियान के साथ कुछ लोग मन से जुड़े तो कुछ बेमन से। जागरूकता अभी पूरी तरह लोगों में नहीं आई है। खाली प्लाटों में कूड़ा डालकर खुद ही समस्या बढ़ा रहे हैं। खाली प्लाटों में नगर निगम भी जिम्मेदार है। डेढ़ साल पहले घर घर कूड़ा एकत्र करने वाली एटूजेड कंपनी काम छोड़कर जा चुकी है। इसके बाद हरी भरी कंपनी से वार्ता छह माह से चल रही है लेकिन अभी तक घर घर कूड़ा संकलन करने की सुविधा लोगों को नहीं मिली।
नगर निगम ने 650 कूड़ेदान हाल ही में खरीदे हैं लेकिन इसके बावजूद की कमी निरंतर बनी हुई है। जिन स्थानों पर कूड़ेदान अब से तीन साल पहले रखे गए थे, वह टूट चुके हैं। कई जगह प्लास्टिक के कूड़ेदान चोरी हो गए। इन कूड़ेदानों को उठाकर अपने निजी काम में इस्तेमाल कर रहे हैं।
कांठ रोड: रामगंगा विहार, दीन दयाल नगर,अवंतिका कालोनी में कूड़ेदानों की कमी है। जिससे लोग खाली प्लाट में कूड़ा फेंकने को विवश हैं। इन कालोनियों का कूड़ा सीधे कांठ रोड पर आकर पड़ रहा है, जिससे जगह-जगह डलाव घर बन गए हैं।
जिगर कालोनी: आवास विकास की इस कालोनी में कूड़े के ढेर से नालियां तक बंद हो गई हैं। गंदगी से संक्रामक रोग फैलने का खतरा है। क्षेत्र के लोगों ने कई बार इसकी शिकायत नगर निगम में की लेकिन सफाई नहीं हुई।
बुद्धि विहार:इस कालोनी में गंदगी की इंतहा हो चुकी है। नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं। सीवर लाइन के मेनहोल की सफाई न होने से काफी परेशानी है। एलआइसी दफ्तर के पास सड़क पर डलाव घर है। दिल्ली रोड पर कुंदन पेट्रोल पंप के सामने डलाव घर होने से यहां गंदगी से लोग परेशान हैं। कई बार कूड़ेदान रखने को लोगों ने अफसरों से संपर्क साधा लेकिन कूड़ेदान नहीं रखा गया।
कलेक्ट्रेट के सामने भी कूड़ा
डीएम जुहैर बिन सगीर को भी कूड़े के ढेर का सामना करना पड़ता है। बुधवार को उनकी नजर गंदगी से भरे कूड़ेदान पर जरूर पड़ी होगी। पुलिस लाइन के पास स्थित गन्ना विभाग के सामने भी कूड़ेदान भरा पड़ा है, जिसका कूड़ा साफ करने की जहमत नगर निगम ने नहीं उठाई। लोगों अब फुटपाथ पर ही कूड़ा डालना शुरू कर दिया है। कांठ रोड पर सोनकपुर में कूड़ेदान रखवा तो दिया लेकिन उसका कूड़ा रोज नहीं उठाया जाता।
घर घर कूड़ा न उठने से ही लोग जहां-तहां कूड़ा फेंकने को मजबूर हैं। महापौर को इस ओर ध्यान देना चाहिए। जनता ने उन्हें चुनकर नगर निगम में भेजा है। -संजीव कुमार, सिविल लाइंस
------
कालोनियों में कूड़ेदान हर गली में रखे होने चाहिए, जिससे लोगों को एक निर्धारित स्थान पर कूड़ा डालने की सुविधा मिलेगी। स्वच्छता पखवाड़े में भी ध्यान नहीं दिया जा रहा।
-धर्मवीर सिंह, कोर्ट रोड
स्वच्छता के प्रति स्वयं को भी जागरूक होने की जरूरत है। घर से निकलते वक्त कूड़ा वहीं फेंके जहां कूड़ेदान रखा हो। अगर कूड़ेदान नहीं तो फिर लोग इधर फेंकने को मजबूर होते हैं। -नसीम अहमद, जिगर कालोनी
वर्जन
स्वच्छता पर पूरा ध्यान है। मैं खुद सफाई व्यवस्था देखने निकलता हूं, जहां गंदगी है उसको साफ कराने से लेकर कूड़ेदान रखवाया जाता है। जनता भी इधर इधर कूड़ा न फेंफें। - विनोद अग्रवाल, महापौर