'मुसलमानों को गुमराह कर रहा है नाइक'
जागरण संवाददाता,मुरादाबाद आल इंडिया उलेमा व मशाइख बोर्ड के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर जाकिर नाइक
जागरण संवाददाता,मुरादाबाद
आल इंडिया उलेमा व मशाइख बोर्ड के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर जाकिर नाइक के भाषण व पीस टीवी के प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने नाइक पर दुनियाभर के मुसलमानों को गुमराह करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारी मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर जमा हुए। नाइक के भाषणों को आपत्तिजनक बताते हुए प्रदर्शन किया। कहा कि नाइक कुरआन व हदीस की गलत व्याख्या कर मुसलमानों को गुमराह कर रहा है तो पीस टीवी उसका प्रसारण कर रहा है। यह दोनों ही मामले मुसलमानों को गुमराह करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि जाकिर के भाषणों पर 2008 में भी ्रप्रतिबंध लगाया जा चुका है। केंद्र सरकार को चाहिए कि नाइक के आपत्तिजनक भाषण व प्रसारण पर तुरंत रोक लगाई जाए। खानकाह एकता मिशन के अध्यक्ष हयातुन्नबी खां ने कहा कि सऊदी अरब इस विचारधारा को भारतीय मुसलमानों पर थोपने की कोशिश कर रहा है। वहाबी, सलफी विचारधारा से भारतीय मुसलमान युवकों में कट्टरता आने की संभावनाएं हैं। ढाका में हुए आतंकी हमले के दोषियों को भी जाकिर का समर्थक पाया गया है। दरगाह शाह मुकम्मल रह. के सज्जादा शिवली मियां ने भारतीय संस्कृति की सुरक्षा के साथ मुसलमानों की सुरक्षा की बात कही। सज्जादा नईम चिश्ती ने नाइक के खिलाफ मजबूती से खड़े रहने का आह्वान किया। प्रदर्शनकारियों ने एक ज्ञापन भी राष्ट्रपति के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। इधर सम्भल में भी जाकिर नाइक के खिलाफ उलेमाओं ने नगर पालिका परिषद से जुलूस निकला और पीस टीवी और जाकिर नाइक के खिलाफ प्रदर्शन किया।