भाजपा कहीं मुकाबले में नहीं: आजम
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : बिलारी उपचुनाव में सपा प्रत्याशी मुहम्मद फहीम के नामांकन में शामिल ह
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद :
बिलारी उपचुनाव में सपा प्रत्याशी मुहम्मद फहीम के नामांकन में शामिल होने आये कैबिनेट मंत्री आजम खां ने उन्हें अपने बेटे समान बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर एक भी इल्जाम साबित कर दो मैं अपने इस 'बेटे' का नाम वापस ले लूंगा। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा कहीं मुकाबले में नहीं है।
गुरुवार को अंबेडकर पार्क में आजम ने बिलारी क्षेत्र के मरहूम विधायक हाजी मुहम्मद इरफान की वफादारी का जिक्र किया। 10 मार्च को सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई थी, जिसके बाद से बिलारी सीट खाली चल रही थी। अब इस सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए 16 मई को मतदान होगा। सपा ने उनके बेटे फहीम को प्रत्याशी बनाया है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हमें 11 महीने बाद आ रही मंजिल को पार करना है। भाजपाइयों ने तीसरी पार्टी (बसपा) के लिए कहना शुरू कर दिया है कि वो सत्ता में आएगी। भाजपा का असली काम अपने को पीछे हटाकर रखना है। उन्होंने अवाम को होशियार करते हुए कहा कि अगली सरकार सपा की नहीं बनी तो भाजपा से मिलीजुली बनेगी। अब तक एक हाथ का हथियार बर्दाश्त नहीं हो रहा है, फिर तो दोनों हाथों से हथियार इस्तेमाल किए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री ने जनता पर भी सवाल दागे। बोले-सपा को किस बात की सजा दोगे? अगली सरकार क्या उन लोगों की बनाना चाहते हो जो गुजरात की जुबान में नारा लगाते हैं? बोले-तय आप को करना है और साफ सुथरी छवि वाले शख्स को वोट देना है। मायावती का नाम लिए बगैर बोले कि लोकसभा चुनाव में उन्होंने कहा था हमने सपा को सबक सिखाने के लिए भाजपा को वोट डलवाया। हम पांच साल खून के आंसू रोए। बोले-क्या सपा ने दंगे कराए हैं? जिन्होंने दंगे कराए हैं उनकी साजिश का शिकार मत होना।