आज शहर में होंगे प्रदेश के तीन हजार शिक्षक
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : रविवार को चित्रगुप्त इंटर कालेज में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से तीन हजा
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : रविवार को चित्रगुप्त इंटर कालेज में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से तीन हजार से अधिक माध्यमिक शिक्षक पहुंचेंगे। प्रदेशीय सम्मेलन का शानदार आगाज होगा। इसके एक दिन पहले शनिवार को फतेहपुर से दो बार शिक्षक विधायक रहे प्रदेश महामंत्री लवकुश मिश्रा ने तैयारियों की समीक्षा की। दो दिवसीय सम्मेलन को सफल बनाने में मंडल इकाई ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन ऐतिहासिक होगा। इसमें शिक्षकों की समस्याओं से जुड़े कई प्रस्ताव पास किए जाएंगे। इन समस्याओं के निदान के लिए रणनीति बनेगी। हमारी कोशिश है कि शिक्षकों की मांगों पर सरकार को झुकने पर विवश किया जाए। उन्होंने कहा कि तैयारियों से मैं संतुष्ट हूं। इस सम्मेलन में वेस्ट के सभी जनपदों के अलावा इलाहाबाद, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, उन्नाव आदि जनपदों से तमाम शिक्षक पहुंच चुके हैं। उनके साथ पूर्व शिक्षक विधायक राम बाबू शास्त्री, शिक्षक नेता सुरेंद्र मिश्र और प्रदेश उपाध्यक्ष मेजर डॉ. देवेंद्र सिंह ने भी व्यवस्थाएं देखी। रविवार के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री महबूब अली होंगे जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष एमएलसी चेतनारायण सिंह, प्रदेश महामंत्री, एमएलसी डॉ. जयपाल व्यस्त के साथ ही संगठन के सभी विधायक होंगे।