कलेक्ट्रेट पर गरजीं ठगी की शिकार महिलाएं
मुरादाबाद : किसान विकास सेवा संस्थान से ठगी गई महिलाओं ने जाम लगाने और तोड़फोड़ के आरोप में रिपोर्ट दर्ज होने के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने न्याय की उम्मीद से एडीएम सिटी से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। उन्होंने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। मामले के तूल पकड़ने पर पुलिस अब संस्थान के खिलाफ कार्रवाई को सबूत खोज रही है।
महिलाएं कमिश्नर कार्यालय से नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची और नारेबाजी की। महिलाओं का नेतृत्व करने वाली महिलाओं ने एडीएम सिटी के पास पहुंचकर अपनी मांग रखी। महिलाओं का कहना था कि तोड़फोड़ नहीं करने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। ठगी के आरोप में शिकायत करने पर पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। महिलाओं ने किसान विकास सेवा संस्थान के चेयरमैन पर नौकरी के नाम पर पचास लाख से अधिक की ठगी का आरोप लगाया। सीओ सिविल लाइंस मुहम्मद इमरान ने बताया कि अभी तक किसी भी पीड़ित ने तहरीर नहीं दी है, लिहाजा पुरानी तहरीर तलाश कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर चेयरमैन और कंपनी के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
------------------------
ये है पूरा मामला
बुद्धि विहार स्थित किसान विकास सेवा संस्थान में गरीब महिलाओं को प्रशिक्षण देने के बाद नौकरी का आश्वासन दिया। पंजीयन के बाद महिलाओं को संस्था से अन्य महिलाओं को जोड़ने के लिए कहा गया। कंपनी बंद होने के उपरांत महिलाओं सड़क पर आ गई हैं। जिन लोगों से पैसे जमा कराए गए। वे अब महिलाओं से तकादा कर रहे हैं। इसको लेकर महिलाओं ने बीते रोज साई अस्पताल के पास प्रदर्शन किया था। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।