हजरत के नूर से बनी सारी कायनात
मुरादाबाद। जश्न ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शहर व गांवों में जलसों का आयेाजन किया गया। पैगंबरे इस्लाम की सुन्नतों पर अमल करने की हिदायत की गई। बताया गया कि अल्लाह ने सबसे पहले हजरत मुहम्मद सल. के नूर को पैदा किया और उसी से सारी कायनात बनी।
नगर निगम सभागार में जमीयत एहले सुन्नत की ओर से आयोजित जलसे को दिल्ली से तशरीफ लाए मुफ्ती मंजर मोहसिन नईमी ने हजरत मुहम्मद सल.की हदीस ब्यान की। आपकी सुन्नतों पर अमल करने की हिदायत की। फरमाया आपके अखलाक, किरदार को देख कर गैर मुस्लिम भी अमीन व सादिक कहते थे। हजरत मुहम्मद सल. ने फरमाया कि मैं उस वक्त भी नबी था जब आदम अलै. पानी और मिट्टी के दरम्यान थे। मौलाना दानिश-उल- कादरी ने फरमाया कि मुसलमान पैगंबरे इस्लाम की सुन्नतों पर अमल करें। जलसे की शुरुआत कारी जहीरुल हसन ने कुरान की तिलावत से की। मौलाना कासिम रजा, हाजी अफजाल, मौलाना समीउद्दीन कादरी, मौलाना मुहम्मद अजहर, मौलाना मुहम्मद कामिल रजा, रिजवान अहमद, डा. आसिफ आदि मौजूद थे। मौलाना मुहम्मद अख्तर परवाज ने नाते पाक पढ़ी। जलसे की सदारत मुफ्ती मुहम्मद अय्यूब खां नईमी संचालन मंसूर उस्मानी ने किया। कयादत कर रहे मुफ्ती अब्दुल मन्नान कलीमी ने मुल्क-ओ- मिल्लत की कामयाबी, अमन की दुआ कराई। आयोजक मौलाना मुहम्मद अहमद अकरमी नईमी ने आभार जताया। बाद में सलात-ओ- सलाम पेश किया गया।
गुंबद-ए-खिजरा की झांकी
ईद मिलादुन्नबी के जुलूस की तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। राजकीय इंटर कालेज से निकलने वाले जुलूस में अंजुमन इस्लाहुल कौम वेलफेयर सोसायटी हरथला की ओर से सजाई गई गुंबद-ए-खिजरा की झांकी भी शामिल की जाएगी। सोमवार को झांकी देखने के लिए अकीदतमंदों का तांता लगा रहा। सोसायटी के सदर मुहम्मद नवेद, नायब सदर मुख्तार अहमद, फुरकान अहमद, रईस आलम ने बताया कि गुंबदे खिजरा झांकी को 10.30 बजे हरथला से जुलूस के रूप रवाना किया जाएगा।
रोशनी से सजा शहर
जश्न ईद मिलादुन्नबी के मौके पर पूरा शहर रोशनी से जगमग हो गया है। इंद्रा चौक, मकबरा रोड, पान दरीबा रोड, लाल मस्जिद, फीलखाना, तहसील स्कूल, नई सड़क, चौकी हसन खां, दीवान का बाजार, पीरजादा आदि मौहल्लों के बाजार रोशनी से जगमग रहे।
आज निकलेगा जुलूस
पैगंबरे इस्लाम हजरत मुहम्मद सल. यौमे पैदाइश पर ईद मिलादुन्नबी का जुलूस मंगलवार को राजकीय इंटर कालेज से बाद नमाजे अस्र रवाना होगा। इसका समापन मदरसा जामिया नईमिया दीवान बाजार में होगा। मुफ्ती अबदुल मन्नान कलीमी ने बताया कि बुधवार को लाल मस्जिद पर जलसा होगा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर