जल निगम के कतरे पर, प्रधानों की बल्ले बल्ले
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : शासन ने जल निगम के पर कतर दिए हैं। रीबोर न होने की मिल रही शिकायतों क
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : शासन ने जल निगम के पर कतर दिए हैं। रीबोर न होने की मिल रही शिकायतों को देखते हुए अब हैंडपंपों के रीबोर का काम ग्राम प्रधान कराएंगे। इसमें 14 वां राज्य वित्त के धन खर्च किया जाएगा। प्रधानों को निर्देश दिया गया है कि हैंडपंपों का रीबोर करा कर चालू किया जाए। अब तक हैंडपंपों के बोर व रीबोर का काम जल निगम द्वारा कराया जा रहा था। इसके लिए शासन से अलग से बजट जारी किया जाता है। धनावंटन के बावजूद हैंडपंपों के रिबोर न होने की शिकायत मिल रही थी। खराब हैंडपंपों की सूची ब्लाक में तैनात जल निगम के मिस्त्री देते थे, लेकिन ग्रामीण रीबोर के लिए इंतजार करते-करते पूरी गर्मी गुजार देते थे। इसके बावजूद हैंडपंपों का रिबोर नहीं होता था।
हैंडपंपों का रिबोर न होने से ग्रामीण अंचलों में पेयजल की समस्या बनी रहती है। उनको पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। अब ग्राम प्रधानों की बल्ले बल्ले है। रीबोर में हुए खर्च की धनराशि चौदहवां राज्य वित्त से की जाएगी। शासन को इस कदम से दो फायदे होंगे एक तो पंचायतें चौदहवां राज्य वित्त से रीबोर कराएंगी, वहीं रिबोर के अलग से बजट का प्रावधान नहीं करना होगा। चौदहवां राज्य वित्त से पंचायतों में निर्माण संबंधी बड़े कार्य कराए जाते है। अब उसमें हैंडपंपों का रिबोर भी शामिल हो गया है।