नहीं रुकी भर्ती तो होमगार्ड जाएंगे कोर्ट
मीरजापुर : राजकीय इंटर कालेज परिसर में मंगलवार को होमगार्ड के जवानों की बैठक हुई। इसमें होमगार्डो की
मीरजापुर : राजकीय इंटर कालेज परिसर में मंगलवार को होमगार्ड के जवानों की बैठक हुई। इसमें होमगार्डो की नई भर्ती पर रोक लगाने की मांग की गई। कहा गया कि अगर भर्ती नहीं रोकी गई तो वे वृहद आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
जिलाध्यक्ष रवींद्रनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि पहले से ही उत्तर प्रदेश में 1,18,348 होमगार्ड जवानों का पदसृजित है। इसमें केवल सात हजार पद ही खाली हैं। प्रदेश में केवल पचास हजार होमगार्डो की ड्यूटी लगाई जाती है शेष 68 हजार से अधिक होमगार्ड के जवान बेरोजगारी झेल रहे हैं। उनको हर महीने ड्यूटी नहीं मिलती, जिससे उनके समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। केवल चुनाव में ही उनको लगाया जाता है। ऐसी स्थिति में नए होमगार्ड जवानों की भर्ती का क्या औचित्य है।
होमगार्ड के जवानों ने कहा कि अगर भर्ती पर रोक नहीं लगाई गई तो वे अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। जवानों ने कहा जो जवान हैं उनकी ड्यूटी मनमाने ढंग से लगाई जा रही है। कोई लगातार ड्यूटी कर रहा है तो किसी को चार-चार महीने ड्यूटी नहीं मिल रही है। इस विसंगति को दूर किया जाए। होमगार्डो ने मानदेय में 25 रुपये की वृद्धि पर चिंता जताई। कहा कि इस महंगाई में कैसे गुजारा होगा।
इस अवसर पर पीसी रमेश सिंह, रमाशंकर दुबे, संतोष कुमार दुबे, प्रमोद कुमार, श्याम जी सिंह, संतोष पांडेय, मंगला प्रसाद यादव, संजय दुबे, सुभाष चंद मौर्य दिनेश दुबे आदि जवानों ने हुंकार भरी।