विंध्य क्षेत्र का होगा सर्वागीण विकास
विंध्याचल(मीरजापुर): विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक अशोक सिंघल ने कहा कि विंध्य क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा। वे विंध्य पहाड़ी पर सोमवार को देवरहा हंस बाबा की देखरेख में बनने जा रहे रैन बसेरा का शिलान्यास करने के पश्चात लोगों को संबोधित कर रहे थे।
श्री सिंघल ने कहा कि अष्टभुजा पहाड़ी पर एक भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। अष्टभुजा मंदिर पर दर्शनार्थियों का दबाव अधिक रहता है। यहां की सीढि़यां सकरी हैं। इसे चौड़ा कराया जाएगा। इसके अलावा अन्य विकास कार्य कराए जाएंगो। उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र सदियों से ऋषि मुनियों की तपोस्थली रहा है। यहां आने मात्र से ही शांति मिलती है। कहा कि विंध्य पहाड़ी के कण-कण में शक्ति का निवास है। इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की जरूरत है। पहाड़ी पर रैन बसेरा का निर्माण होने से देश के कोने-कोने से आने वाले देवी भक्तों को काफी सुविधा होगी। नवरात्र में यहां लाखों की भीड़ जुटती है।
इसके पश्चात वे देवरहा हंस बाबा आश्रम पहुंचकर आशीर्वाद लिए। इस दौरान भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य रत्नाकर मिश्र, मनोज श्रीवास्तव, नीरज सिंह, अभय मिश्रा, रविशंकर साहू, कवि सिंह, रामजी बिंद, संतोष तिवारी, घनश्याम मिश्र,धीरज तिवारी, अनिल सिंह आदि उपस्थित थे।