बलिदान दिवस पर याद की गईं पूर्व सांसद फूलन देवी
मीरजापुर : ओझला पुल के पास शुक्रवार को वीर एकलव्य समाजोत्थान समिति के कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद फूलन देवी का बलिदान दिवस मनाया। कहा कि उनके दिखाये मार्ग को अपनाना ही आज के परिवेश की मांग है। इसे सरकार को भी पूरा कराना चाहिए।
इस दौरान रामबली निषाद ने कहा कि पूर्व सांसद स्व. फूलन देवी काफी साहसी महिला थीं। उन्होंने अपमान का बदला दुष्कर्मियों से चुका करके विश्व में अपना नाम रोशन किया। वर्तमान परिवेश में महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहे हैं। नारी जाति के इज्जत-आबरू, मान-सम्मान के साथ खिलवाड़ हो रहा है। ऐसे लोगों का मुंहतोड़ जबाव देने के लिए फूलन देवी महिला मंडल का गठन किया जायेगा। महिला मंडल इसके लिए लड़ाई लड़ेगा।
इस दौरान समिति के अध्यक्ष अखिल मित्तल मझवार के निधन पर दु:ख व्यक्त किया गया। लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर डा. ठाकुर प्रसाद निषाद, मुन्नालाल, राजदेव, बनारसी माझी, बद्री, गुलाबचंद आदि लोग उपस्थित थे।