24 घंटे में 60 सेंटीमीटर बढ़ा गंगा का पानी
मीरजापुर : गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। अब किनारों तक पानी भर गया है। गत चौबीस घंटे में जल स्तर में लगभग साठ सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी रिकार्ड की गई। मंगलवार को जलस्तर 64.230 मीटर रिकार्ड किया गया था जबकि बुधवार को यह 64.290 मीटर रिकार्ड किया गया।
गंगा में बाढ़ के चलते अन्य छोटी नदियों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। इसके साथ ही जलाशयों का पानी भी बढ़ने लगा है। सिरसी का जलस्तर 693.36 फीट और अदवा जलाशय का जल स्तर 613.36 एवं जरगो जलाशय का जल स्तर 307.30 फीट रिकार्ड किया गया। जलाशयों का जलस्तर बढ़ने से किसानों ने राहत की सांस ली है।
सिंचाई विभाग के अभियंताओं का कहना है कि इन जलाशयों में दस दिन तक नहर में पानी छोड़ने के लिए पानी है। जहां पर डिमांड की जा रही है वहां नहर में पानी छोड़ा भी जा रहा है। इसके अलावा अपर खजुरी, लोअर खजुरी, डेकवा, मड़फा, ददरी, अहरौरा जलाशय में पानी बहुत कम है। हालांकि पानी की आमद इन जलाशयों में भी बढ़ा है लेकिन नहरों में पानी नहीं छोड़ा जा सकता। यहां के किसान मायूस हैं। प्रशासन ने बाढ़ से निबटने के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली है। गंगा के किनारे रहने वालों को सतर्क कर दिया गया है। रोक के बाद भी छोटी नावों का संचालन नहीं रूक रहा है। एसपी ने सभी प्रभारियों को नौका संचालन पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। अपर जिला मजिस्ट्रेट देवीशरण उपाध्याय ने बताया कि अभी स्थिति गंभीर नहीं है। बाढ़ पर नजर रखी जा रही है।
गंगा कटान में हो रहा खेल
मीरजापुर : उप्र विकलांग सेवा समिति की बैठक बुधवार को जिला अस्पताल के पास हुई। इसमें गंगा कटान रोकने के लिए किये जा रहे कार्य में घटिया निर्माण का आरोप लगाया गया। समिति के नेताओं ने कहा कि प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये का बजट आता है लेकिन विभागीय अधिकारी व ठेकेदार कागजी खानापूर्ति करके धन गबन कर जाते हैं। कटान रोकने के लिए घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। उसकी जांच कराई जाय। बैठक में जटाशंकर सिंह जहरीला, संजीव गुप्ता, राकेश विश्वकर्मा, मंगला उपाध्याय, पूरन सिंह यादव आदि नेता उपस्थित थे।