मेरठ में चोर को बांधकर पीटा, मौत
घर में कथित रूप से चोरी करने घुसे एक बदमाश को लोगों ने पकड़ लिया और जमकर पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले किया जिसके बाद थाने में उसकी एक घंटे बाद मौत हो गई।
मेरठ (जागरण संवाददाता)। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में चोरी करने घुसे बदमाश को भीड़ ने दबोचकर जमकर पिटाई की। कई घंटे तक खंभे से बांधकर बुरी तरह से पीटा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो भीड़ ने बदमाश को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस उसे अस्पताल की बजाय थाने ले गई। एक घंटे बाद बदमाश ने वहीं दम तोड़ दिया। आनन-फानन में पुलिस उसे लेकर जिला अस्पताल दौड़ी, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की चमन कॉलोनी गली नंबर तीन में डॉ. मकसूद आलम और पत्नी शमा परवीन पांच बच्चों के साथ रहते हैं। मकसूद आलम के मुताबिक सुबह करीब चार बजे दीवार फांदकर दो बदमाश उनके घर में घुस गए। एक बदमाश अलमारी से सामान निकालने लगा। दूसरा बाहर खड़ा था। इसी बीच शमा की आंख खुल गई। उसने बदमाश को देखकर शोर मचा दिया। मकसूद आलम जागकर बदमाश के पीछे दौड़े तो बाहर खड़ा बदमाश भाग निकला। एक बदमाश को उन्होंने पकड़ लिया। भीड़ जमा हो गई और बदमाश को पीटने लगी।
खंभे में बांधकर आरोपी को पीटा गया। सुबह लोगों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी तो यूपी-100 मौके पर पहुंच गई। बदमाश ने अपना नाम अफजाल निवासी तारापुरी बताया। थाना पुलिस बदमाश को बाइक पर बिठाकर लिसाड़ी गेट थाने ले गई। जहां उसने एक घंटे बाद दम तोड़ दिया। बाद में आनन-फानन में पुलिस उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंची लेकिन डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मोहल्ले वालों को हवालात में बिठाने पर हंगामा: अफजाल के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मोहल्ले के डॉ. मसूद, शादाब, गुड्डू, ताज आदि को ही पकड़कर थाने की हवालात में डाल दिया। जानकारी जब मोहल्ले के लोगों को हुई तो वे थाने पहुंच गए और हंगामा किया। इसके बाद लोगों ने सीओ कोतवाली रणविजय सिंह से बात की तो उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए। वहीं, हवालात में शादाब की हालत बिगड़ने पर पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
पिता ने कहा बेटा नशेड़ी, चोर नहीं: अफजाल के पिता इकबाल कचहरी में एक अधिवक्ता के यहां मुंशी हैं। अफजाल की मौत की सूचना पर वे मोर्चरी पहुंच गए। पूरे मामले में इकबाल की तरफ से लिसाड़ी गेट थाने में तहरीर दी गई है। इसमें उन्होंने कहा है कि उनका बेटा अफजाल नशेड़ी था। नशे में वो किसी के घर में घुस गया होगा। जिसके चलते लोगों ने उसे चोर समझकर मार डाला।
आपराधिक मामलों में जा चुका था जेल: लिसाड़ी गेट पुलिस के मुताबिक अफजाल चोरी के मामलों में जेल जा चुका था। सात साल पहले प्रहलादनगर मंदिर में भी उसे चोरी करते हुए पकड़ा गया था। लोगों ने उसे पुलिस को सौंप दिया था, लेकिन वो तब हवालात से भाग निकला था। इसके अलावा इश्तियाक नगर में भी वो भी चोरी करते हुए पकड़ा गया था। अफजाल की एक साल पहले ही शादी हुई थी।
यह भी पढ़ें: भीड़ का इंसाफ! रंगे हाथ पकड़े गए चोर को खंभे से बांध बुरी तरह पीटा
अस्पताल ले जाते तो बच सकती थी जान: जब इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट चंद्रभान यादव से पूछा गया कि बदमाश को घटनास्थल से थाने की बजाय जिला अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया तो उन्होंने थाने लाने की बात से ही इंकार कर दिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि घटनास्थल से थाने होते हुए अफजाल को सीधे जिला अस्पताल ही ले जाया गया था। थाना बीच रास्ते में ही है। वहां से जीप से उसे ले जाया गया।