चार मुकदमे दर्ज, 85 लोग नामजद
जागरण संवाददाता, मेरठ : भावनपुर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर गांव में शुक्रवार रात शिया-सुन्नी में हुए बवाल के बाद शनिवार को तनावपूर्ण शांति रही। गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा। डीएम और कप्तान गांव पहुंचे और हालात का जायजा लिया। दोनों पक्षों की ओर से चार मुकदमे दर्ज कराए गए हैं जिनमें शिया पक्ष के सात और सुन्नी पक्ष के 78 लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा दोनों पक्षों की ओर से लगभग पौने दो सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। दोनों पक्षों की ओर से दो-दो मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।
अब्दुल्लापुर में शुक्रवार रात ताशे बजाने को लेकर शिया-सुन्नी पक्ष में जमकर फायरिंग और पथराव हुआ था। दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे। बिलाल गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। भावनपुर पुलिस एक घंटे तक गांव में घुसने की हिम्मत नहीं कर सकी थी। बाद में गांव पहुंचे भारी पुलिस बल ने किसी तरह स्थिति पर नियंत्रण किया था। शनिवार सुबह गांव में तनावपूर्ण शांति देखने को मिली। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों का जमावड़ा लगा रहा। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण लोगों में दहशत दिखी और वे घरों से निकलने से बचते रहे। रात के बवाल के निशान (पत्थर और गोलियों के खोखे) सड़कों व गलियों में बिखरे पड़े थे, जिन्हें पुलिस प्रशासन हटवाने में जुटा रहा। आला अधिकारियों ने गांव में शांति बहाल करने के उद्देश्य से दोनों पक्षों के बुजुर्गो से अलग-अलग बैठककर बातचीत की। मोहर्रम पर शांति बनाए रखने की अपील की। दोपहर को डीएम और एसएसपी भी पहुंचे और अधिकारियों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। दूसरी ओर शिया पक्ष की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट में 78 लोगों को नामजद किया गया है। वहीं सुन्नी पक्ष ने शिया पक्ष के सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसओ भावनपुर दिलीप सिंह ने बताया कि कुछ मिलाकर चार मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें 85 लोगों को नामजद किया गया है। पूर्व पार्षद नदीम, खुर्शीद और एक अन्य को हिरासत में लिया गया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर