हर कोई जागरण के निर्मल अभियान का मुरीद
मेरठ : साफ-सुथरे शहर के लिए दैनिक जागरण द्वारा रविवार से शुरू किए गए 'स्वच्छ मेरठ स्वस्थ मेरठ' अभियान की हर किसी ने सराहना की है। सोमवार को न्यू मोहनपुरी व विकास पुरी में अभियान का दूसरा दिन था।
न्यू मोहन पुरी वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष कमलेश भारती कहती हैं कि दैनिक जागरण ने जिस तरह अभियान की शुरुआत की है, वास्तव में बेहद सराहनीय है, पर नगर निगम की टीम श्मशान घाट के पास अवैध रूप से बने कूड़े के ढेर को आज तक नही हटवा पाई। बहरहाल, दैनिक जागरण के अभियान से इस बार दीपावली पर न्यू मोहनपुरी व विकास पुरी में गंदगी नजर नहीं आएगी।
डाक्टर राजीव शेखर का कहना है कि पहली बार ऐसा हुआ कि जब किसी समाचार पत्र ने गंदगी से निजात दिलाने के लिए ऐसे शानदार अभियान की शुरुआत की। यदि नगर निगम इस अभियान से सबक लेकर अपने दायित्व का निर्वाह करे तो कालोनी में कोई समस्या ही नहीं रहेगी।
कालोनी निवासी रीटा का कहना है कि न्यू मोहनपुरी व विकास पुरी से सर्वाधिक टैक्स नगर निगम को जाता है, फिर भी यहां समस्याओं का अंबार है। दैनिक जागरण शहर वासियों की समस्या के समाधान की दिशा में बेहद गंभीर है।
सेवानिवृत चिकित्साधिकारी डा. बीरबल गांधी का कहना है कि दैनिक जागरण ने जिस तरह साफ- सुथरे शहर का संकल्प लिया है, वह सराहनीय है। यह अभियान जनता में सफाई के प्रति जागरूकता पैदा करने वाला साबित होगा।
सुधीर का कहना है कि अभियान वास्तव में सराहनीय है, पर सवाल उठता है कि जिस नगर निगम की सफाई अभियान चलाने की जिम्मेदारी है, वह क्यों नही अपने दायित्व का निर्वाह कर रहा है।
एमएस सांगवान का कहना है कि कूड़े डालने के स्थान चिन्हित होने चाहिए। श्मशान घाट के पास कूड़ा हटवाने की मांग काफी समय से की जा रही है।
कालोनी निवासी आइपी गोयल का कहना है कि दैनिक जागरण के इस अभियान में हम हर तरह सहयोग करेंगे और कालोनी को साफ सुथरा रखने का प्रयास करेंगे। नगर निगम व प्रशासन यहां अवैध रूप से संचालित डेयरियों को हटवाए।
आपूर्ति विभाग से सेवानिवृत्त कुलवंत चौधरी का कहना है कि निश्चित तौर पर शहर को साफ-सुथरा करने या रखने की जिम्मेदारी किसी संस्था या संगठन के लिए असंभव बात है पर दैनिक जागरण ने सोमवार को कमाल कर दिया। एक झटके में न्यू मोहनपुरी, विकास पुरी को चकाचक कर दिया। जागरण ने तो आदर्श प्रस्तुत कर दिया अब जिम्मेदारी नगर निगम की है।
एनिमल केयर सोसायटी से जुड़े अंशुमाली वशिष्ठ कहते हैं कि दैनिक जागरण का अभियान वाकई लोगों में जागरूकता लाएगा और नगर निगम को भी सजग करेगा।
एडवोकेट लावण्या वशिष्ठ का कहना है कि दैनिक जागरण का अभियान सराहनीय है। कूड़ा सड़क पर नहीं कूड़ेदान में ही डालें तो निश्चित रूप से न्यू मोहनपुरी आदर्श कालोनी के रूप में सामने आएगी।
मेजर वीपी अग्रवाल कहते हैं कि वह सुबह घर से बाहर निकलें तो देखा कि हर सड़क चकाचक नजर आ रही है। दैनिक जागरण का यह प्रयास सराहनीय है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर