आइसक्रीम फैक्ट्री में भीषण आग
जागरण संवाददाता, मेरठ: रेलवे रोड थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक आइसक्रीम फैक्ट्री में आग लग गई। फाय
जागरण संवाददाता, मेरठ: रेलवे रोड थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक आइसक्रीम फैक्ट्री में आग लग गई। फायर कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। वहीं, आबादी के बीच फैक्ट्री के होने पर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त रहा।
बागपत रोड स्थित न्यू देवपुरी में राजन की आइसक्रीम फैक्ट्री है। सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे लोगों ने फैक्ट्री से धुआं निकलता देखकर फायर बिग्रेड और फैक्ट्री मालिक को जानकारी दी। राजन के पहुंचने पर लोगों ने खुद भी आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग काफी भीषण थी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। लेकिन तब तक फैक्ट्री का सारा सामान, मशीनें और फ्रिज जल गए थे। फायर कर्मचारियों ने आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। एक तरफ जहां आग लगने से फैक्ट्री मालिक का बुरा हाल था वहीं लोगों का कहना था कि आबादी के बीच में फैक्ट्री होना ठीक नहीं है। दूसरे मकानों में भी आग फैल सकती थी।