शिवभक्तों की आमद तेज, अभिषेक 24 को
मेरठ : अपने आराध्य भगवान महादेव के अभिषेक के लिए शिवभक्त बेकरार हैं। महाशिवरात्रि का पर्व जैसे-जैसे
मेरठ : अपने आराध्य भगवान महादेव के अभिषेक के लिए शिवभक्त बेकरार हैं। महाशिवरात्रि का पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है वैसे ही श्रद्धा व भक्ति की लहरें उफान मारने लगी हैं। मंगलवार को शहर में कांवड़ियों की आवक तेज हो गयी। 24 फरवरी को महाशिवरात्रि पर औघड़नाथ मंदिर पूरी रात खुला रहेगा।
भगवान शिव त्रिलोकी हैं। समुद्र मंथन के दौरान निकले विष को अपने कंठ में धारण करने वाले महादेव पर विष का प्रभाव हुआ और वे मूर्छित हो गए। अपने आराध्य को जल से स्नान कराने की परंपरा अरसे पुरानी है। 24 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व है। ऐसे में अपने आराध्य को गंगाजल अर्पण करने के लिए हरिद्वार से श्रद्धालु लौटना शुरु हो गए हैं। मंगलवार को मेरठ में गढ़ रोड, हापुड़ रोड, मवाना रोड आदि कई मार्गाे पर कांवड़ियों के झुंड दिखने लगे।
वहीं दूसरी ओर मंदिरों में भी महाशिवरात्रि की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। औघड़नाथ मंदिर, बिल्वेश्वर महादेव मंदिर, बाबा मनोहर नाथ मंदिर, झारखंडी महादेव मंदिर, दयालेश्वर मंदिर, भोलेश्वर महादेव मंदिर आदि रंग-बिरंगी रोशनी से सजाए गए हैं। औघड़नाथ मंदिर समिति के महामंत्री सतीश सिंघल ने बताया कि 24 फरवरी को सुबह पांच बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालु व कांवड़ियों के लिए खोल दिए जाएंगे। तभी से जल चढ़ना प्रारंभ हो जाएगा। उन्होंने बताया कि सुबह 8, अपराहन 11, दोपहर 1 व शाम बजे आरती होगी। महाशिवरात्रि पर पूरी रात मंदिर खुलेगा। पर्याप्त संख्या में लोटों की व्यवस्था की गयी है। बेरीकेटिंग भी करायी जा रही है।