कड़ाके की ठंड से रात का पारा पहुंचा 5.1 पर
मोदीपुरम (मेरठ) : कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। बुधवार को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। रात का त
मोदीपुरम (मेरठ) : कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। बुधवार को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। रात का तापमान शहर के बाहरी इलाकों में एक बार फिर पांच डिग्री से नीचे चला गया। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो दिनों तक मौसम का यही रुख रहने के आसार जताए हैं। गुरुवार की सुबह कोहरा छाया रहेगा।
मंगलवार की रात हाथ-पैर सुन्न कर देने वाली ठंड का कहर रहा। मौसम विभाग ने रात का तापमान 5.1 दर्ज किया, जबकि मोदीपुरम स्थित कृषि प्रणाली संस्थान की मौसम विभाग की वेधशाला में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बतातें चलें कि इसके पूर्व सीजन में कुछ ही मौकों पर ऐसा हुआ है, जब तापमान पांच डिग्री से नीचे गया हो। मंगलवार की रात हाड़ कंपाने वाली ठंड ने रात में कामकाज के चलते बाहर निकले लोगों को हलकान कर दिया। बेसहारा और फुटपाथ पर रात बिताने वालों के लिए रात काटना कष्टकारी हो गया। घरों में लिहाफ और कंबल ओढ़ने के बावजूद ठिठुरन नहीं गई। चौराहों पर लोगों ने कूड़ा-करकट और लकड़ी का इंतजाम कर अलाव जलाए। बुधवार की सुबह घना कोहरा छा गया, जिससे हाईवे पर वाहनों रफ्तार थम गई। साढ़े दस बजे तक आसमान साफ हुआ और सूरज निकला। दिन में सूरज की चटक धूप से लोगों को राहत का अहसास हुआ।
कृषि प्रणाली संस्थान के मौसम कृषि वैज्ञानिक डा. एम शमीम ने बताया कि अगले दो दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी के आसार नहीं हैं। सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा।