पुलिस को छकाते हुए भाजपाइयों ने फूंका पुतला
मेरठ : लखनऊ में भाजपाइयों पर लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को भाजपा युवा मोर्चा ने पुलिस को छकाते
मेरठ : लखनऊ में भाजपाइयों पर लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को भाजपा युवा मोर्चा ने पुलिस को छकाते हुए प्रदेश सरकार का पुतला फूंक दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पुलिस की बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, और बच्चा पार्क चौराहे पर भारी जाम लग गया। इस दौरान पुलिस का वायरलेस और वर्दी का बैच भी टूटकर जमीन पर गिर पड़ा। कोतवाली थाना अपना क्षेत्र छोड़कर दूसरे क्षेत्र में पुतला फूंकने के लिए कह रही थी, जिस पर भाजपाई उबल पड़े।
विधानसभा घेराव के दौरान बड़ी संख्या में भाजपाई पुलिस की लाठी का शिकार हुए थे। इससे आक्रोशित भाजपाइयों ने शुक्रवार को दोपहर 12 बजे पुतला फूंकने का कार्यक्रम बनाया। युवा मोर्चा महामंत्री वीनस शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश सरकार का पुतला दहन करने च्च्चा पार्क पर पहुंच गए, किंतु पुलिस को इसकी भनक लग चुकी थी। पुलिस ने भीड़ को वहां से भगाने का प्रयास किया। इसी बीच भाजपाई प्रदेश सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए जमा हो गए। भीड़ देखकर कई थानों की पुलिस पहुंच गई। कोतवाली थाने के एसएसआई रवीन्द्र पंत ने अपना क्षेत्र छोड़कर दूसरे क्षेत्र में पुतला फूंकने के लिए कहा, जिस पर भाजपाई चौराहे पर ही पुतला दहन करने के लिए अड़ गए। भारी धक्का-मुक्की एवं खींचतान के बीच भाजपाइयों ने छकाते हुए चौराहे पर ही पुतला फूंक दिया। सूचना पाकर शहर विधायक डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी मौके पर पहुंच गए। भारी जाम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस भी हाजिर हो गई। भाजपा महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग ने कहा कि पुलिस के रवैये की प्रशासन से शिकायत की जाएगी। वीनस शर्मा ने बताया कि लखनऊ में पुलिस की बर्बरता को मेरठ में भी दोहराने का प्रयास किया, जो शर्मनाक है। प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। गौरव शर्मा, राजू खटीक, मुकुल शर्मा, दीपक शर्मा, केबी थापा, दीपक खुराना, साहिल शर्मा, सौरभ शर्मा, चिराग पांडे, मनीष शर्मा, तुषार, गौरव, विक्रांत ढाका एवं कुलदीप समेत कई अन्य शामिल रहे।