शाह के निशाने पर रही सपा, खूब चलाए सियासी तीर
संकल्प रघुवंशी, मेरठ : विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सियासी पारा चढ
संकल्प रघुवंशी, मेरठ : विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सियासी पारा चढ़ गया। गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सपा को जमकर कोसा। सियासी तरकश से एक-एक कर तीर चलाए तो अधिकांश का निशाना सपा ही बनी। भगवा लहर के जरिए सत्ता में काबिज होने के सपने संजो रही भाजपा के सम्मेलन से सपाइयों में बेचैनी पसर गई है।
'सपा में आगे बढ़ने के लिए मुलायम का पोता होना जरुरी है'
विस चुनाव की आहट के चलते चढ़े सियासी पारे को अमित शाह ने और उफान दे दिया। बागपत रोड स्थित डीपीएस पब्लिक स्कूल में 'बूथ सम्मेलन' में उन्होंने अपने 42 मिनट के भाषण में 28 मिनट पर सपा को कोसा। पहले से कैराना में पलायन, मथुरा के जवाहर बाग की घटना आदि बिंदुओं पर घिर रही प्रदेश सरकार को उन्होंने दिए गए पैकेज तक गिनवा दिए। बोले कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जिसमें बूथ अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष तक बन सकता है। कहा कि मैं पहले बूथ अध्यक्ष था। सपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह का पोता ही बनेगा, जबकि कांग्रेस में गांधी परिवार में जन्म लेना जरूरी है। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की नब्ज को टटोलते हुए सपा को घेरा। बोले कि कहा कि गन्ना, पउप्र की लाइफ है। यहां मिलों पर करोड़ों बकाया है, किसान परेशान हैं, जबकि हरियाणा में भाजपा की सरकार है, वहां गन्ना 310 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि मिलों पर कोई बकाया नहीं है।
अमित शाह के मेरठ आगमन को भाजपा की ओर से विस चुनाव का शंखनाद माना जा रहा है। वहीं मंच पर पउप्र के तमाम सांसद, विधायकों संग प्रदेश अध्यक्ष व पहली पंक्ति के नेताओं की उपस्थिति और आह्वान से सपा के खेमे में बेचैनी है। मेरठ की सात में से तीन विस सीटों पर कब्जा जमाने वाली सपा पउप्र में मजबूत स्थिति मान रही है। कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर, अतुल प्रधान और राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर को विशेष तौर पर प्रोजेक्ट करने की तैयारी है। जातीय समीकरणों को साधते हुए प्रत्याशी उतारने की रणनीति भी सपा बना रही है।
भीषण गर्मी भी न तोड़ पाई भगवा ब्रिगेड के हौसले
बूथ अध्यक्ष सम्मेलन के दौरान मौसम ने भी भगवा ब्रिगेड का इम्तिहान लिया। भीषण गर्मी के बीच लोग पसीने से तर-बतर हो गए। इसके बावजूद बस, कार व निजी वाहनों से हजारों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता पहुंचे। परतापुर बाईपास, बागपत रोड पर दूर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। आलम ये रहा कि बागपत रोड फ्लाई ओवर पर वाहन खड़े करने के चलते जाम भी लगा। जिसे पार्टी कार्यकर्ताओं व पुलिस ने खुलवाया।
मौसम की प्रचंड तेवर के बावजूद सम्मेलन में भारी भीड़ पहुंची। दोपहर 1.32 पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य आदि पहुंचे। अमित शाह ने मंच संभालते ही सभी से दोनों मुट्ठियां भींचकर आक्रोश में 'भारत माता की जय' के नारे लगाते हुए जोश का संचार किया। बीच-बीच में 'वंदेमातरम', 'जय श्रीराम' और 'भारत माता की जय' के नारों ने लोगों में ऊर्जा बनाए रखी।