सफाई की थाप से चहक उठा थापरनगर
मेरठ : दैनिक जागरण के विशेष सफाई अभियान 'स्वच्छ मेरठ, स्वस्थ मेरठ' ने रविवार को रफ्तार पकड़ी। थापरनगर
मेरठ : दैनिक जागरण के विशेष सफाई अभियान 'स्वच्छ मेरठ, स्वस्थ मेरठ' ने रविवार को रफ्तार पकड़ी। थापरनगर की अधिकतर सड़कें, गलियां व पार्क थोड़ी देर की मेहनत के बाद चमक उठे। यहां नाले-नालियों की सफाई और सुबह से लगे सफाईकर्मियों की मेहनत रंग लाई और क्षेत्र की तस्वीर बदल गई। कूड़े के ढेर गायब हो गए और सभी प्रवेश मार्गाे को चूना डालकर चकाचक कर दिया गया।
विशेष सफाई अभियान 'स्वच्छ मेरठ, स्वस्थ मेरठ' से रविवार को थापरनगर के हालात में तब्दीली आ गई। नगर निगम के सफाई कर्मियों की टीम ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. प्रेम सिंह व सफाई निरीक्षक प्रदीप कुमार के निर्देशन में भैंसाली बस अड्डे से भीतर जाने वाले मार्ग, गोल चक्कर से सोतीगंज व पटेल नगर की ओर जाने वाले मार्गाे के सभी ओर पार्क, मुख्य मार्ग, संपर्क मार्ग तथा भीतरी गलियों व नाले-नालियों का कूड़ा साफ कर दिया। खड़ी घास साफ कर दी। सुबह लोगों ने उठकर क्षेत्र का नजारा ही बदला देखा। महापौर हरिकांत अहलूवालिया भी पहुंचे। उन्होंने कई गलियों व मार्गाे का निरीक्षण किया। इस दौरान गोल चक्कर व पटेल नगर जाने वाले मार्ग पर महापौर व पार्षद सुनीता प्रजापति ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना और दूर करने का आश्वासन भी दिया। इधर, अशोक कुमार शर्मा, मंजू बंसल, विजय भूषण गोयल, शेखर ग्रोवर, हर्षवर्धन जैन, केके वर्मा, राजीव ग्रोवर व गोपाल आदि ने दैनिक जागरण का आभार जताया।
लगाई झाड़ू, छिड़का गया चूना
गोल चक्कर से थापरनगर की ओर से प्रवेश मार्ग और बच्चा पार्क से नाले किनारे थापरनगर में जाने वाली तमाम गलियों में सुबह से ही नगर निगम की टीम ने मोर्चा संभाला। गली-गली में झाड़ू लगाई गई और कूड़े का उठान हुआ। सफाई के बाद मार्गाे के दोनों छोरों पर चूने का छिड़काव किया गया।
दुरुस्त होगी पथ प्रकाश व्यवस्था
लोगों ने स्ट्रीट लाइट खराब होने पर असामाजिक तत्वों के सक्रिय रहने की पीड़ा को बताया। कहा कि आए दिन क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की घटनाएं हो रही हैं। महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने स्ट्रीट लाइटें ठीक करवाने और बेहतर प्रकाश व्यवस्था शीघ्र कराने का आश्वासन दिया।