डेयरियों से बदहाल देवपुरी, महापौर का घेराव
मेरठ : पशु डेयरियों के गोबर से देवपुरी की नालियां अटी हैं। गंदा पानी लोगों के घरों में भरा रहता है।
मेरठ : पशु डेयरियों के गोबर से देवपुरी की नालियां अटी हैं। गंदा पानी लोगों के घरों में भरा रहता है। यहां के निवासियों ने शनिवार को महापौर हरिकांत अहलूवालिया का घेराव किया। साथ ही डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जैन नगर में सफाई अभियान चलवा रहे महापौर हरिकांत अहलूवालिया को देवपुरी के दर्जनों लोग बुलाकर अपने साथ ले गए। उन्होंने नालियों में भरा गोबर दिखाया। डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों ने कहा कि अब तो हाईकोर्ट ने भी आदेश दे दिया है। लिहाजा इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने लोगों से कहा कि शहर में डेयरियां चलवाने के लिए शहर के लोग ही जिम्मेदार हैं। वे यदि डेयरी से दूध खरीदना बंद कर दें तो डेयरी खुद ही बंद हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि डेयरियों को शहर से बाहर करने के लिए योजना बनाई जा रही है। उससे पहले डेयरियों के गोबर को ठेकेदार के माध्यम से शहर के बाहर पहुंचाने की योजना तैयार की जा रही है। जोनवार ठेकेदार निर्धारित किए जाएंगे जो कि डेयरियों का गोबर उठाने के बदले डेयरी मालिकों से ही न्यूनतम शुल्क लेंगे। इस दौरान रंजीत सिंह, विक्की, शिवम चढ्डा, दर्शन आदि मौजूद रहे।