बहनों ने बांधा रक्षा सूत्र, लंबी आयु की कामना
मेरठ : रक्षाबंधन का पर्व शनिवार को हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के कलाई पर रक्षासूत
मेरठ : रक्षाबंधन का पर्व शनिवार को हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के कलाई पर रक्षासूत्र बांधा तो वहीं भाइयों ने स्नेह से उन्हें दुलारा और सुरक्षा का आश्वासन दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चे भी पर्व को लेकर आस्था के रंग में रंगे रहे। वहीं पर्व के अवसर पर मंदिरों में भगवान शिव की स्तुति की गयी। सदर, बागपत अड्डा आदि क्षेत्रों में छड़ियों के मेले में श्रद्धालु उमड़े।
बहन व भाई के पवित्र प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन के पर्व पर पूरे शहर में उल्लास का माहौल रहा। सजी-धजी बहनें राखियां व मिठाइयां लेकर भाइयों के घर पहुंची तो वहीं भाई भी अपनी बहनों के घर आए। तिलक लगाकर बहनों ने राखी बांधी और मुंह मीठा कराया तो स्नेह और दुलार की फुहारें छूटीं। भावनात्मक लगाव से कई बार बहन-भाई भावुक भी हुए। भाइयों ने बहनों को सुरक्षा का आश्वासन दिया और गिफ्ट व नेग दिया।
वहीं मंदिरों में भी एक-दूजे की लंबी आयु व स्वास्थ्य के लिए कामना की गयी। औघड़नाथ मंदिर में विशेष आयोजन किया गया। यहां भोले बाबा के बर्फानी रूप को निहारने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इसके अलावा भगवान शिव की भव्य झांकियां सजायी गयीं। सदर बाजार, बागपत अड्डा समेत कुछ स्थानों पर परंपरागत छड़ियों वाला मेला लगा। शाम होते ही लंबी-लंबी ऊंची छड़ियां भव्यता से सजायी गयीं। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन कर मंगल कामनाएं की। झूला झूलने व चाट-पकौड़ी के साथ ही लोग देर रात तक मेले में जुटे रहे।