छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को जलाया
मेरठ : रोहटा थाना क्षेत्र के गांव में छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने महिला को मिट्टी का तेल डाल
मेरठ : रोहटा थाना क्षेत्र के गांव में छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने महिला को मिट्टी का तेल डालकर जला दिया। गंभीर झुलसी हुई हालत में महिला को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। आरोपी फिलहाल फरार है। पीड़ित महिला के परिजनों ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
रोहटा थानाक्षेत्र के गांव का निवासी युवक मजदूरी करता है। रविवार दोपहर को युवक घर से बाहर गया था। इसी दौरान पड़ोसी युवक अमित घर में घुसा और महिला के साथ छेड़छाड़ की। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने मारपीट करते हुए कपड़े फाड़ डाले। आरोपी ने महिला पर मिट्टी का तेल उड़ेल दिया और आग लगा दी। आग के शोलों में लिपटी महिला चिल्लाती हुई घर के बाहर निकल आई। मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह से आग बुझाई। इस दौरान महिला का पति भी मौके पर पहुंच गया। आरोपी अमित मौका देखकर फरार हो गया। गंभीर हालत में महिला को मेरठ मेडिकल कालेज भर्ती कराया गया। परिजनों ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी छेड़छाड़ करता रहा है। विरोध करने पर दो बार मारपीट भी हो चुकी है। महिला के भाई की ओर से रोहटा थाने में आरोपी अमित के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में एसपी देहात ने बताया कि मामले में शिकायत मिली थी। परिजनों का आरोप है कि छेड़छाड़ के विरोध में घटना हुई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।