40 पर पहुंचा पारा
मोदीपुरम (मेरठ) इस सीजन में पहली बार रविवार को तापमान 40 डिग्री पर पहुंच गया। सुबह से ही गर्मी का अ
मोदीपुरम (मेरठ) इस सीजन में पहली बार रविवार को तापमान 40 डिग्री पर पहुंच गया। सुबह से ही गर्मी का अहसास होने लगा था। दिन चढ़ते-चढ़ते चटख धूप ने रंगत ले ली। मौसम विभाग के रिकॉर्ड में दोपहर तक यह रविवार इस वर्ष का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज हो गया।
अप्रैल माह में बारिश होने से वैज्ञानिक भी परेशान दिखाई दे रहे थे। पिछले चार-पांच दिन से मौसम साफ होने से गरमी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को पारा दो डिग्री की उछाल के साथ 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दोपहर के समय में गरमी ने लोगों के माथे पर पसीना ला दिया। हालांकि रात का तापमान अभी भी 20 डिग्री के आसपास ही बना हुआ है। रात की तुलना में दोगुना तापमान झेलना शहरवासियों के लिए रविवार को परेशानी भरा सबब बना।
बारिश व ओलावृष्टि के कारण किसानों से लेकर हर वर्ग के लोग परेशान थे। हालांकि, पांच दिन से मौसम पूरी तरह साफ है। मौसम साफ होने के कारण गरमी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। पांच दिन पहले जहां पारा 30 डिग्री से कम था, वहीं रविवार को पारा उछाल लेकर 40 डिग्री पहुंच गया। दिनभर लोग एसी व पंखों के नीचे बैठे रहे। गरमी ने लोगों का बुरा हाल कर दिया। गर्मी से बचने के लिए युवतियां चेहरा ढककर वाहन चलाती दिखीं। रविवार के बावजूद बाजारों में गहमागहमी कम रही और सड़कें दोपहर बाद सूनसान नजर आयीं। धूप खिलने से किसान खेतों में कटाई के काम को अब अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। सर्वे पूरा होने के बाद इस मौसम में बची-खुची फसल को घर ले जाने के जुगत में हैं।
मौसम वैज्ञानिक डा. एन सुभाष का कहना है कि अभी एक सप्ताह तक तापमान का आलम यही रहेगा। आने वाले दिनों में तापमान और उछाल भर सकता है। यह प्रकृति के लिहाज से ठीक भी है। रविवार को अधिकतम तापमान 40.0 और न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 47 और न्यूनतम 17 प्रतिशत रही। इस वर्ष अप्रैल माह में अब तक 21.5 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।