बंद मकान में आग से पांच लाख का नुकसान
मेरठ : सदर बाजार थाना क्षेत्र की भूसा मंडी में शुक्रवार सुबह एक बंद मकान में भीषण आग लग गई। धुआं उठत
मेरठ : सदर बाजार थाना क्षेत्र की भूसा मंडी में शुक्रवार सुबह एक बंद मकान में भीषण आग लग गई। धुआं उठता देख मोहल्ले के लोगों ने फायर ब्रिगेड को बुलाया, तो इसे काबू किया गया। पूरा परिवार एक शादी समारोह में गया था। आग में दहेज के लिए एकत्र किया गया सामान भी जल गया। भूसा मंडी निवासी नईम परिवार के साथ रहते हैं। गुरुवार को वह परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए थे। मकान में ताला लगा था। शुक्रवार सुबह 10:30 बजे मोहल्ले के लोगों ने मकान के अंदर से धुआं उठता देखा। उन्होंने मकान में झांककर देखा तो भीषण आग लगी थी। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना सदर बाजार पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी। दमकलकर्मियों ने आननफानन में गेट तोड़कर आग को काबू किया, लेकिन तब तक कमरे में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। जानकारी पर नईम सपरिवार घर लौटे, तो मंजर देखकर उनकी पत्नी व बेटियों के आंसू निकल आए। नईम ने बताया कि वह अपनी बेटी की शादी के लिए दहेज जमा कर रहे थे, जो जल गया। आग से करीब पांच लाख के नुकसान का अनुमान है। आग का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है।