ठेकेदार ने हलवाई का हाथ खौलते तेल में डाला
मेरठ : परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दीनगर फोर-सी में रिसेप्शन पार्टी में आधा घंटे खाना देरी से बनाने
मेरठ : परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दीनगर फोर-सी में रिसेप्शन पार्टी में आधा घंटे खाना देरी से बनाने पर ठेकेदार ने हलवाई को पहले पीटा, फिर उसका हाथ खौलते तेल में डाल दिया। इससे उसका हाथ जल गया। झुलसे हलवाई ने परतापुर थाने में ठेकेदार के खिलाफ तहरीर दी है।
शताब्दीनगर फोर-सी मोहल्ले में जॉनी के घर शुक्रवार रात रिसेप्शन पार्टी थी। रिसेप्शन में ब्रह्मापुरी के इंद्रानगर निवासी ठेकेदार सुरेंद्र ने खाना बनाने का ऑर्डर लिया था। ठेकेदार सुरेंद्र ने अपने हलवाई शताब्दीनगर हवाई पट्टी निवासी मनोज कुमार व कई कारीगरों को लगाया। मनोज कुमार ने तय समय से आधे घंटे देरी से खाना तैयार किया, तो जॉनी ने ठेकेदार सुरेंद्र से इसकी शिकायत की। इसके बाद सुरेंद्र मौके पर गया और हलवाई से बिना पूछे उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद सुरेंद्र ने खौलते तेल में मनोज का हाथ डुबो दिया। इससे उसका हाथ झुलस गया। शोर-शराबा होने पर वहां भीड़ लग गई। ठेकेदार मौके से भाग गया। हलवाई मनोज का इलाज कराया गया है। उसने तहरीर दी है।
इनका कहना है..
मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
सुरेंद्र नाथ, एसओ परतापुर।