अब करो या मरो की स्थिति में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी
मेरठ: चौ.चरण सिंह विश्वविद्यालय में गुरुवार को भी दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की हड़ताल जारी रही। इस
मेरठ: चौ.चरण सिंह विश्वविद्यालय में गुरुवार को भी दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की हड़ताल जारी रही। इस दौरान कर्मचारियों ने ऐलान किया कि वह आगे भी अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे। अब उनके सामने करो या मरो की स्थिति है।
सैकड़ों की संख्या में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की हड़ताल से विवि में कामकाज ठप पड़ा है। गोपनीय विभागों से लेकर कुलपति कार्यालय तक ताला लटका रहा। तीन दिन से विवि में कामकाज पर असर पड़ रहा है। गुरुवार को कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहा भी उन्हें न्याय मिलने की जगह दूसरा ही पंगा शुरू हो गया। एक कर्मचारी के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला बनाकर पुलिस के आला अफसर ने ही मुकदमा दर्ज करा दिया। कर्मचारियों ने इसके पीछे विवि प्रशासन का हाथ होने की बात कही है। दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि अब उनके सामने करो या मरो की स्थिति है। जब तक वित्त अधिकारी और प्रभारी रजिस्ट्रार को हटाया नहीं जाता, उनकी मांगे पूरी नहीं होती, वह अपना आंदोलन जारी रखेंगे।