दीवाली पर जमकर धूमधड़ाका, चमका कारोबार
मेरठ : वाइब्रेंट सिटी मेरठ की धमाकेदार दीपावाली से कारोबार चमक उठा। लोगों ने दिल खोलकर खर्च किया और
मेरठ : वाइब्रेंट सिटी मेरठ की धमाकेदार दीपावाली से कारोबार चमक उठा। लोगों ने दिल खोलकर खर्च किया और हर्षाेल्लास से त्योहार मनाया। ऑटोमोबाइल सेक्टर ने जहां फर्राटा भरा तो रियल एस्टेट में भी बूम आया। महंगी गाड़ियों, गैजेट्स और घरेलू आयटमों की जोरदार बिक्री रही। दीपावली पर 730 फोर व्हीलर और 2830 से अधिक दोपहिया वाहन बिके। बात धूम-धड़ाके की करें तो इस बार आतिशबाजी अपेक्षाकृत कम रही। आतिशबाजी में 40 करोड़ रुपये धुआं-धुआं हो गए।
ब्रांड पर जोर, लोकल भी 'मोर'
वाइब्रेंट शहर मेरठ के लोगों ने आधुनिकता से कदमताल की। लोगों का रुझान जहां ब्रांडेड आइटम पर रहा तो वहीं लोकल माल की भी जबरदस्त डिमांड रही। सजावटी सामान, मोबाइल, गैजेट्स व बर्तन आदि के ब्रांड और लोकल दोनों सामान की खरीदारी जमकर हुई।
खूब चमका सराफा
सराफा बाजार धनतेरस पर चमक उठा। पिछले सालों की तुलना में सोने की कम कीमत ने लोगों को आकर्षित किया। सोने के सिक्के व हल्के गहनों के साथ ही शादी के लिए पसंद किए गए गहनों की बिक्री सबसे ज्यादा रही। करीब 70 करोड़ का कारोबार हुआ।
दिल खोलकर की खरीदारी
शास्त्रीनगर, आबूलेन, सदर बाजार, वैली बाजार, लालकुर्ती, गोला कुआं, हापुड़ अड्डा, भगत सिंह मार्केट व बच्चा पार्क आदि स्थानों पर बिजली की झालर खरीदने के साथ ही ही बंधनवार, रंग-बिरंगे कैंडिल, झालर, क्रिस्टल मोतियों के झालर, फ्लावर पॉट, स्टैंड, हैंगिंग फ्लावर आदि खूब बिके। नई सड़क, बेगमपुल व बच्चा पार्क आदि स्थानों पर फूलों की जबरदस्त बिक्री हुई। पांच करोड़ से अधिक का कारोबार सजावटी सामान का हुआ। ज्वैलरी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रानिक्स और बैंकिंग कारोबार लंबे समय से बूम पर है।
दीवाली पर रिकॉर्ड संख्या में महंगी गाड़ियां बिकीं। तमाम खूबियों से लैस कम कीमत वाले मोबाइल हैंडसेट भी खूब बिके। लैपटॉप, टैबलेट, एलईडी, कंप्यूटर, सीडी के साथ-साथ फ्रिज व माइक्रोवेव जैसे आयटम भी खूब बिके। रियल एस्टेट में जबरदस्त बूम आया। लोगों ने स्वीट होम व फ्लैट आदि लिए। रेडीमेड, हैंडलूम उत्पाद को लोगों ने पसंद किया। इलेक्ट्रानिक्स आयटम माइक्रोवेव, फ्रिज, वाशिंग मशीन आदि की जमकर खरीदारी हुई। दीपावली पर खरीदारी का आंकड़ा 300 करोड़ के पार हो गया।
एक नजर में खरीदारी का कारोबार
ज्वैलरी बाजार : 70 करोड़
ऑटो मोबाइल सेक्टर : 55 करोड़
मिठाई व गिफ्ट : 45 करोड़
पटाखा बाजार : 40 करोड़
रियल एस्टेट : 25 करोड़
इलेक्ट्रानिक्स बाजार : 20 करोड़
बर्तन व क्राकरी : 12 करोड़
मोबाइल, लैपटॉप : 15 करोड़
फूल व्यापार : 1.5 करोड़
इलेक्ट्रानिक सामान : 8 करोड़
कपड़ा बाजार : 5 करोड़
फर्नीचर बाजार : 3 करोड़
जूते-चप्पल : 1.5 करोड़