Move to Jagran APP

धनतेरस पर खत्तों से नहीं उठा कूड़ा, निगम में लटके ताले

मेरठ : नगर निगम में कर्मचारियों और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के बीच हुई मारपीट का मामल

By Edited By: Published: Wed, 22 Oct 2014 01:15 AM (IST)Updated: Wed, 22 Oct 2014 01:15 AM (IST)
धनतेरस पर खत्तों से नहीं उठा कूड़ा, निगम में लटके ताले

मेरठ : नगर निगम में कर्मचारियों और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के बीच हुई मारपीट का मामला शांत होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। धनतेरस का दिन होने के बाद भी शहर में आधी अधूरी सफाई हुई, कई खत्ता घरों से कूड़ा नहीं उठा। मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में दस बजे से कर्मचारियों के धरने के चलते कार्यालयों में कामकाज नहीं हुआ और तीन बजे तक कार्यालय नहीं खुले। इसके बाद कर्मचारियों को बोनस बांटने के लिए कार्यालय खोले गए। शाम को नगर आयुक्त के अनुरोध पर हड़ताल दीपावली के बाद तक के लिए स्थगित कर दी गई।

loksabha election banner

नगर आयुक्त द्वारा भारतीय जनता युवा मोर्चा से किए गए समझौते को नगर निगम कर्मचारियों ने मानने से इंकार कर दिया है। गौरतलब है कि सोमवार को मांगों को लेकर आए भाजयुमो कार्यकर्ताओं और नगर निगम कर्मचारियों में मारपीट हो गई थी। नगर निगम कर्मचारियों ने हड़ताल की घोषणा कर दी थी। देर रात महापौर ने पहल करते नगर आयुक्त और भाजयुमो पदाधिकारियों के बीच समझौता कराया था। मंगलवार को नगर निगम कर्मचारी संघ ने अभद्रता और मारपीट करने वाले भाजयुमो पदाधिकारियों पर पुलिस कार्रवाई और माफी मांगे बिना किसी भी समझौते से इन्कार कर दिया। उनका कहना था वार्ता में कर्मचारी संघ का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं था। जिसके चलते सुबह कुछ ही देर सफाई हुई। इसके बाद हड़ताल के आवाहन के चलते काम काज नहीं हुआ। धनतेरस के पर्व होने के बावजूद आधे शहर की सफाई कार्य प्रभावित हुआ। बच्चा पार्क, भुमिया पुल, दिल्ली रोड, लिसाड़ी रोड आदि खत्ता घरों से कूड़ा नहीं उठा।

नगर आयुक्त कार्यालय के सामने नगर निगम कर्मचारी संघ, सफाई कर्मचारी संघ और जलकल विभाग कर्मचारी संघ के पदाधिकारी और कर्मचारी धरने पर बैठे रहे। कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अनीस अहमद ने कहा कि भाजयुमो के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों और अधिकारियों के सम्मान को चोट पहुंचाई है। जबतक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। सफाई कर्मचारी संघ के कैलाश चंदौला ने कहा कि अभद्रता करने वाले नेताओं की कालोनियों में सफाई नहीं की जाएगी।

इस बीच नगर आयुक्त के अनुरोध पर दीपावली पर्व के मद्देनजर हड़ताल स्थगित कर दी गई। राजू धवन, महामंत्री लोकेश शर्मा, महेंद्र, बाबूराम सैनी, कृपाल सिंह गूजर, विनेश विद्यार्थी, रवींद्र वैद, नवल सिंह राघव, रवींद्र वैद आदि मौजूद रहे।

नगर आयुक्त को नहीं बैठने दिया

नगर आयुक्त अब्दुल समद कार्यालय पहुंचे तो उनके कक्ष के आगे बैठे कर्मचारियों ने कमरे का ताला खुलवाने से इंकार कर दिया। नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त के कक्ष में बैठकर काम काज निपटाया।

रात आठ बजे तक बंटा बोनस

कर्मचारियों को दीपावली बोनस के वितरण के लिए रात आठ बजे तक निगम के कार्यालय खोले गए। संविदा कर्मियों को भी पांच हजार का एडवांस पेमेंट दिया गया।

पार्षदों ने भी किया समर्थन

सपा पार्षद दीवान जी शरीफ, नरेंद्र यादव और सईद मौजूद रहे।

इन्होंने कहा..

कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया गया है जिसके चलते दीपावली के पर्व पर कार्य करने को राजी हो गए हैं।

-अब्दुल समद, नगर आयुक्त, मेरठ।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.