उचित मुआवजा न मिलने पर डीएम कार्यालय पर होगी तालाबंदी
मेरठ : शताब्दीनगर में चार माह से धरनारत किसानों की कोई सुनवाई नहीं होने से लोगों में रोष व्याप्त है।
मेरठ : शताब्दीनगर में चार माह से धरनारत किसानों की कोई सुनवाई नहीं होने से लोगों में रोष व्याप्त है। बुधवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने बाजार रेट से कम रेट पर किसी भी कीमत में भूमि नहीं देने का ऐलान किया। पंचायत में शीघ्र सुनवाई नहीं होने पर गाजियाबाद की तर्ज पर जिलाधिकारी कार्यालय पर तालाबंदी करने की भी चेतावनी दी गई। बताया कि भविष्य के आंदोलन पर छह अक्तूबर को देहरादून में स्वर्गीय महेंद्र सिंह टिकैत के जन्मदिवस पर होने वाले समारोह में निर्णय लिया जाएगा।
शताब्दी नगर में गत चार माह से किसानों का धरना चल रहा है। एमडीए द्वारा अधिग्रहीत सैकड़ों हेक्टेयर भूमि पर अभी भी किसानों का कब्जा है। धरनारत किसान विजयपाल घोपला ने कहा कि किसानों से पांच छह सौ रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से भूमि लेकन एमडीए पंद्रह से बीस हजार रुपये में बेंच रहा है। यह किसानों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि किसान गोली खाने को तैयार हैं, लेकिन अपनी भूमि किसी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने किसानों की मांग को पूरी तरह जायज बताया। उन्होंने अधिग्रहीत भूमि पर किसानों को खेती करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि एमडीए अगर कोई विकास कार्य करेगा तो उसे रोका जाएगा।
मेरठ का कर्ज उतारा जाएगा
गाजियाबाद से आए जिलाध्यक्ष विजेंद्र सिंह ने कहा कि 1992 में 11 दिनों तक जिलाधिकारी कार्यालय पर किसानों ने ताला लगाया था। उस दौरान मेरठ और मुजफ्फरनगर के किसान भारी संख्या में मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि अब मेरठ का कर्ज उतारने का समय आ गया है। मेरठ के मंडल अध्यक्ष राजवीर सिंह ने कहा कि छह अक्तूबर को देहरादून में बाबा महेंद्र सिंह टिकैत का जन्मदिवस मनाया जाएगा उसी में भविष्य के आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। पंचायत में काफी संख्या में महिलाएं आई। अध्यक्षता बाबा इलम सिंह जंगेठी और संचालन विनोद जिटौली ने किया।