सड़क निर्माण को लगाया जाम, हंगामा
मेरठ : शहर के कपड़ा मार्केट खंदक बाजार की सड़कें 14 साल से बदहाल हैं। मंगलवार को जलभराव होने से त्रस्त हुए स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने शिव मंदिर के सामने सड़क पर फर्नीचर और कूड़ा डालकर गमनागमन रोक दिया। आक्रोशित लोगों ने क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए सांसद, विधायक, महापौर और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घंटों जाम लगाए रखा। हंगामा की सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट पुलिस के साथ पहुंचे। इसके बाद लोग तहसील दिवस में भी शिकायत दर्ज कराने गए। बाद में नगर आयुक्त ने भी सड़क का दौरा किया और पांच दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बीएवी इंटर कालेज के सामने से खंदक बाजार होते हुए शाहघासा की सड़क की मरम्मत दशकों से नहीं हुई है। शिव मंदिर के पास सड़क धंस जाने से पानी भर जाता है। मंगलवार को सुबह पानी भरने से लोग आक्रोशित हो गए और सड़क पर जाम लगा दिया। निवासी क्षेत्र की उपेक्षा के लिए नगर निगम के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहरा रहे थे। खंदक बाजार व्यापार संघ के पूर्व प्रधान दिलीप गुप्ता ने बताया कि वर्षों से सड़क टूटी पड़ी है, जबकि बाजार में रोज सैकड़ों लोगों का आना-जाना होता है। साथ ही यहां रहने वाले लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है। लोगों ने भाजपा सांसद, विधायक और महापौर के खिलाफ नारेबाजी की। गौरतलब है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी इसी क्षेत्र से विधायक हैं और कई भाजपा नेता मार्केट से जुड़े हैं। सिटी मजिस्ट्रेट के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोल दिया। लोग तहसील दिवस में शिकायत करने पहुंचे, लेकिन इस बीच दुकानदारों ने फिर से सड़क पर पत्थर रख और दुपहिया वाहन खड़े कर फिर से जाम लगा दिया। दोपहर एक बजे तक सड़क पर गमनागमन रुका रहा। नगर आयुक्त ने क्षेत्र का दौरा कर पांच दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पंकज कश्यप, मोंटू शर्मा, जीतेंद्र, कन्हैया, तरुण, पप्पी त्यागी, आदि मौजूद रहे।
भूख हड़ताल की चेतावनी
मेरठ : प्रहलाद नगर में जलभराव की समस्या से निजात नहीं मिलने पर कोशिश संगठन के अजय सेठी ने भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अधिकारी और महापौर दौरा कर आश्वासन तो देते हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने 15 दिनों में कार्रवाई नहीं होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। सुंदर श्याम छाबड़ा व अशोक गंभीर आदि शामिल हैं।