बैंकों में खिलखिलायी हिंदी
मेरठ : अंग्रेजी भाषा के वटवृक्ष के नीचे छांव तलाशती हिंदी मंगलवार को कई स्थानों पर चहकी। बैंकों में हिंदी दिवस को लेकर कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। यहां हिंदी के प्रचार-प्रसार के साथ ही दशा सुधारने का संकल्प लिया गया।
इंडियन ओवरसीज बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय में हिंदी पखवाड़े का आयोजन हुआ। इसमें हिंदी निबंध सुलेख, अनुवाद, भाषण व काव्य पाठ प्रतियोगिताएं हुई। 45 शाखाओं के 75 सदस्यों ने भाग लिया। शुभारंभ सोनी सिंह व कविता चौहान ने ईशवंदना से किया। मुख्य अतिथि कवि सुमनेश सुमन ने वीर रस से ओतप्रोत किया। बैंक के मुख्य प्रबंधक महेंद्र सिंह मारण, वरिष्ठ प्रबंधक आनंद प्रकाश चमोली, रश्मि त्रिपाठी, कोमल रानी जैन, जूही, भारत भूषण, विवेक माधवार, अनुश्री भटनागर आदि ने हिंदी प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया।
विजया बैंक कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पदम सिंह पदम ने दीप प्रज्वलन से किया। क्षेत्रीय प्रमुख नरेंद्र सिंह ने हिंदी के देश व विदेश में बोलचाल पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि ने हिंदी को कान्हा की बंसी व माथे की बिंदी जैसे शब्दों से परिभाषित किया। अध्यक्षता मुख्य प्रबंधक तेजपाल व संचालन रेणू शर्मा ने किया।
पंजाब नेशनल बैंक मेरठ मंडल की ओर से राधा गोविंद पब्लिक स्कूल में हिंदी माह मनाया गया। मंडल प्रमुख मदन लाल ने दीप प्रज्वलन से शुभारंभ किया। कई प्रतियोगिताएं हुई। मुख्य अतिथि डा. ईश्वर चंद गंभीर ने हिंदी पर व्याख्यान दिया। विशिष्ट अतिथि अनिल अग्रवाल, प्रो. इकराम हुसैन, सुभाषिनी गोविन्दन रहे। पीएनबी के अफसर एमके पांगती, यूएन अग्रवाल, मदन लाल, आरके मित्तल, मनोज गर्ग आदि ने परिवार संग शिरकत की।
बैंक ऑफ महाराष्ट्र के 80वें स्थापना दिवस पर थापरनगर गुरुद्वारा रोड पर में समारोह हुआ। सजगता, सतर्कता, शालीन व्यवहार से पेश आने की शपथ ली गई।