एमडीए में दिखेगी क्रांतिधरा की झलक
मेरठ : अब पर्यटन विभाग और एमडीए की जुगलबंदी से जनपद की कला-संस्कृति व पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी है। एमडीए प्रांगण में डिस्प्ले स्क्रीन लगाई जाएगी, जिस पर जनपद के सभी पर्यटन स्थल, कला-संस्कृति से संबंधित तस्वीरें और उनकी विशेषताओं पर आधारित शार्ट फिल्म प्रदर्शित होंगी।
क्रांतिधरा की मिट्टी में कुर्बानी की खुशबू है और कला-संस्कृति के सतरंगी रंग भी। आम लोग एवं पर्यटकों को इसकी जानकारी देने के लिए प्राधिकरण परिसर में आठ फुट लंबी और चार फुट चौड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी। इस पर मेरठ के इतिहास, उपलब्धियां, यहां की कला-संस्कृति व पर्यटन स्थलों की तस्वीरें व उसके बारे में जानकारी दी जाएगी। पर्यटन स्थल का थ्री-डी वर्चुअल टूर दिखाया जाएगा।
फरियादी ले सकेंगे एमडीए संबंधी सूचनाएं
डिस्प्ले पर एमडीए विभागीय सूचनाएं भी प्रदर्शित करेगा। इसमें संचालित योजनाओं की तस्वीरें व लांच की गई आवासीय-व्यावसायिक योजना की तस्वीरें होंगी। संपत्ति खरीद या नीलामी के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही हर अधिकारी-कर्मचारी की तस्वीर, उनकी कक्ष संख्या, फोन नंबर आदि सभी जानकारी प्रदर्शित होगी।
इनका कहना है..
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अमित ने जनपद की कला-संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लाइव डिस्प्ले लगाने का सुझाव दिया है। एमडीए अपनी जरूरी जानकारी भी इस डिस्प्ले स्क्रीन पर दे सकता है। जल्द ही एजेंसी से कोटेशन मांगे जाएंगे।
- राजेश कुमार, उपाध्यक्ष एमडीए।