फैमिली कोर्ट के बाहर भिड़ीं 'फैमिली'
मेरठ : कचहरी परिसर स्थित फैमिली कोर्ट के बाहर मंगलवार दोपहर एक विवाहिता ने अपने जेठ पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया तो उसके मायका और ससुराल पक्ष में मारपीट हो गई। वकीलों व पुलिसकर्मियों के सामने जमकर लात-घूंसे चले। पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लिया। शिक्षक दंपती में विवाद के चलते मायका और ससुराल पक्ष फैमिली कोर्ट आया था।
सिवालखास निवासी मंजू शामली में प्राइमरी स्कूल में अध्यापक हैं। एक साल पूर्व उनकी शादी रासना निवासी महेंद्र से हुई थी। महेंद्र महराजगंज में सहायक अध्यापक हैं। दंपती में कई माह से विवाद चल रहा है, जिसके चलते केस परिवार न्यायालय में विचाराधीन है। मंगलवार को कोर्ट में तारीख होने पर दोनों पक्ष आए हुए थे। सुनवाई के बाद दोपहर ढाई बजे पति-पत्नी बाहर आ रहे थे। मंजू ने पति के भाई राजबल पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शोर मचा दिया। इस पर मायका पक्ष ने वकीलों के सामने राजबल को पीटना शुरू कर दिया। इस पर दूसरा पक्ष भी राजबल की पिटाई कर रहे लोगों से भिड़ गया। मारपीट से वहां अफरातफरी मच गई। 10 मिनट तक मारपीट होती रही। जानकारी पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया। मारपीट से हंगामा हुआ। विवाहिता ने जेठ पर छेड़छाड़ व मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर सिविल लाइन आलोक सिंह ने बताया कि दंपती में विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। जांचकर कार्रवाई की जा रही है।