हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को तीन घंटे लगाया जाम
मेरठ : जिला गोरक्षा प्रमुख के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांगकर भाजपा व विहिप ने सोमवार दोपहर मीरपुर गांव में मेरठ-बड़ौत मार्ग करीब तीन घंटे तक बाधित रखा। इस दौरान विहिप कार्यकर्ताओं की अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई। लंबी जद्दोजहद के बाद तहसीलदार मेरठ के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला।
पुलिस गजेंद्र साहरन के तीन हत्यारोपियों को जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य वांछित हैं, जिससे मृतक के परिजनों में दहशत है। आरोप है कि पुलिस आरोपियों से साठगांठ करने में जुटी है। भाजपा व विहिप नेताओं व कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सोमवार को मीरपुर गांव में मेरठ-बड़ौत मार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने सीओ व इंस्पेक्टर का घेराव कर उन्हें धूप में साथ बैठा लिया। तहसीलदार मेरठ ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। किसान दुर्घटना बीमा का आवेदन-पत्र की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही ग्रामीण शांत हुए।
मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री सतेंद्र भराला, बलराज डूंगर, सुदर्शन चक्र महाराज, राजकुमार डूंगर, प्रताप दीपक, आसू त्यागी, अजय त्यागी, अजय दौराला व विजय शर्मा आदि मौजूद थे।
जाम में फंसे, गर्मी से हुए बेहाल
तीन घंटे तक लगे जाम के दौरान वाहनों की लंबी कतार लग गई। वाहनों में सवार महिलाओं व बच्चों को इस दौरान गर्मी व उमस से काफी परेशानी उठानी पड़ी।