बंधक बनाकर दुष्कर्म के बाद कराया धर्मातरण
मेरठ : खरखौदा में युवती के सामूहिक दुष्कर्म और जबरन धर्मातरण का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि मीरापुर में भी एक महिला को एक वर्ष तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और जबरन धर्म परिवर्तन कराने का मामला सामने आ गया है। महिला ने बंधक मुक्त होने के बाद पति को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद थाने पहुंचकर पुलिस को बताया तो एसओ मीरापुर ने महिला को आइजी के समक्ष पेश कर पूरे मामले की जानकारी दी।
दिल्ली की रहने वाली महिला की शादी मुजफ्फरनगर के मीरापुर में हुई थी। 27 सितंबर 2013 को महिला घर से अचानक गायब हो गई। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले संप्रदाय विशेष के डाक्टर ने उसे बंधक बना लिया। कुछ दिन गांव में रहने के बाद मवाना में मकान किराए पर लेकर रखा गया। आरोपी डाक्टर ने महिला को बतौर बीवी बनकर एक साल तक रखा। महिला बामुश्किल आरोपी के चंगुल से छूटने के बाद मीरापुर अपनी ससुराल पहुंची। तभी परिवार के लोग महिला को मीरापुर थाने में लेकर पहुंच गए। महिला का आरोप है कि उसे बंधक बनाकर एक साल तक दुष्कर्म किया। साथ ही जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया। एसओ महिला और उसके पति को लेकर आइजी ऑफिस पहुंचे। महिला ने आइजी को पूरे मामले की जानकारी दी। आइजी आलोक शर्मा ने बताया कि, एसएसपी मुजफ्फरनगर को महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी का आदेश दिया गया है। पुलिस की जांच में अभी तक सामने आया है कि, महिला के प्रेम संबंध पड़ोसी डाक्टर से हो गए थे, जो बतौर पत्नी बनकर एक साल से डाक्टर के साथ मवाना में किराए के मकान में रह रही थी। डाक्टर संप्रदाय विशेष का है। महिला की शिकायत पर पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी।