विपक्षी दलों की खुली पोल
मेरठ : ब्राह्मण उत्थान महासभा के सदस्यों ने नेशनल हाइवे स्थित शोभापुर गांव में बुधवार शाम विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडे का स्वागत किया। आधा घंटे बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
सहारनपुर से दिल्ली जाते समय विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडे बुधवार शाम शोभापुर गांव पहुंचे। वहां पर संदीप शर्मा, कपिल शर्मा व राहुल शर्मा ने फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि वह सहारनपुर में विधानसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी संजय गर्ग के चुनाव प्रचार और जुलूस में शामिल होने के लिए गए थे। लौटते समय वह यहां कुछ समय के लिए रुके। श्री पांडेय ने कहा कि अन्य पार्टियों के चेहरे से अब झूठ का नकाब उतर गया है। इसलिए जनता का विश्वास अन्य पार्टियों से उठ चुका है। लोग सपा के विकास कार्यो की प्रशंसा कर रहे हैं। अन्य पार्टियां सपा को बदनाम कर रही हैं। आधा घंटे रुकने के बाद वह दिल्ली की ओर रवाना हो गए। इस मौके पर ब्राह्मण उत्थान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव वत्स, मोहित शर्मा, प्रदीप शर्मा, नरेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, हरपाल, संदीप चौधरी, कपिल व धीरज आदि मौजूद रहे। इससे पहले सुबह सहारनपुर जाते समय विस अध्यक्ष माताप्रसाद पांडेय का रोहटा फ्लाईओवर के पास ब्राह्मण उत्थान महासभा सदस्यों ने स्वागत किया था।