बाल सुधार गृह में दूसरे दिन भी बवाल
मेरठ। मेरठ के राजकीय बाल सुधार गृह की स्थिति विस्फोटक हो रही है। लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी किशोरों का तांडव जारी है। गैस सिलेंडर लेकर छत पर चढ़े किशोर शुक्रवार को पिटाई करने वाले पुलिस अफसरों, कर्मियों और आरएएफ पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने पर विस्फोट करने की धमकी दे रहे हैं। मौके पर जिले का पुलिस प्रशासनिक अमला जुटा हुआ है। स्थिति को संभालने की कोशिश हो रही है।
सूरजकुंड स्थित बाल सुधार गृह के प्रथम तल पर बनी कोर्ट में शुक्रवार दोपहर पेशी के दौरान बिजली कटौती के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया था। इस दौरान उन्होंने खाने की क्वालिटी भी ठीक न होने का आरोप लगाया था। थोड़ी देर में भी किशोर उग्र हो गए थे और बाल सुधार गृह में तोड़फोड़ करने के साथ ही मौके पर पहुंची पुलिस पर हमला बोल दिया था। कई पुलिसकर्मियों की पिटाई के बाद पुलिस को बाहर आना पड़ा था। इसके बाद मौके पर पहुंची आरएएफ ने हल्का बल प्रयोग के बाद हालात पर काबू किया था। शुक्रवार की घटना को लेकर किशोर शनिवार की दोपहर फिर उग्र हो गए। उन्होंने पुलिस और आरएएफ के जवानों और अफसरों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। गैस सिलेंडर लेकर बाल सुधार गृह की छत पर बैठे किशोर आसपास की आबादी में सिलेंडर फेंक कर विस्फोट की धमकी दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं। फोर्स के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। किसी तरह से उग्र किशोरों को मनाने की कोशिश हो रही है।