लालकुर्ती में श्रीकृष्ण मुरारी की शोभायात्रा में झूमे श्रद्धालु
मेरठ : भगवान श्रीकृष्ण का छठी महोत्सव शुक्रवार को कई देवालयों में भक्तिभाव से मनाया गया। वहीं लालकुर्ती से श्रीकृष्ण मुरारी की भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। बैंड बाजों की मधुर धुनों पर थिरकते हुए श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा निकाली। जगह-जगह भगवान की आरती और पुष्पवर्षा हुई।
लालकुर्ती में निकाली गयी शोभायात्रा ने भक्ति का संचार किया। शोभायात्रा की खासियत रही कि देव प्रतिमाओं के स्थान पर डोलों में कलाकारों को देवरूप धर विराजमान कराया गया। शोभायात्रा में भगवान श्रीगणेश, झूले पर राधा संग विराजे भगवान श्रीकृष्ण, राधा-कृष्ण रास और नंदी पर बैठे भगवान शिव के रूप में कलाकारों ने सभी का मन मोहा।
दक्षिण भारतीय वेशभूषा में सजे कलाकारों का भारतनाट्यम नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। बैंड बाजों की मधुर धुनों पर थिरकते हुए श्रद्धालुओं ने लालकुर्ती छोटा बाजार व बड़ा बाजार आदि से शोभायात्रा निकाली। देवरूप धरे कलाकारों ने प्रभु लीलाओं को अपने मंचन से सजीव कर दिया। जगह-जगह आरती और पुष्पवर्षा से शोभायात्रा का स्वागत हुआ।
दूसरी ओर भगवान श्रीकृष्ण की छठी पर देवालयों में कढ़ी-चावल के प्रसाद का वितरण हुआ। जगह-जगह भंडारे हुए। नगर निगम स्थित श्री बाबा झारखंडी महादेव मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा के समापन पर कथावाचक डा. मनोज मोहन शास्त्री ने दार्शनिक, आध्यात्मिक एवं समाज के उत्थान के विषय में वर्णन किया। कथा के बाद आचार्याे ने हवन किया। इसके बाद छठी महोत्सव मनाया गया। भगवान को भोग के बाद भंडारा चला। लोकेश अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, ललित गुप्ता, अनिल रस्तोगी, प्रवीन सिंघल, मनोज सिंघल का सहयोग रहा। पूजन आचार्य गोपाल शास्त्री ने किया।