पत्नी ने भाई के साथ मिलकर की बीएसएफ जवान की हत्या
मेरठ : पल्हेड़ा गांव में छुट्टी पर आए बीएसएफ जवान की हत्या कर दी गई। मृतक के पिता ने पुत्रवधू, उसके भाई व तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
जिला बुलंदशहर के सिकंदराबाद थान्तर्गत विलसूरी निवासी रणवीर सिंह पुत्र गंगादास ने बताया कि उनका बेटा सतेंद्र कुमार बीएसएफ 134 बटालियन किशनगंज (बिहार) में कांस्टेबल के पद पर तैनात था। 14 साल पहले उसकी शादी पल्हेड़ा गांव में रीना पुत्री रामफल के साथ हुई थी। तीन साल पहले उसने ससुराल से कुछ दूरी पर अपना मकान बना लिया था। उसकी पत्नी रीना, 10 वर्षीय बेटा हिमांशु, 12 वर्षीय बेटी तनु नए मकान में रहने लगे। सतेंद्र अपनी ड्यूटी पर चला गया। सतेंद्र के पिता ने बताया कि उनकी पुत्रवधू का चाल-चलन ठीक नहीं था। इस कारण दोनों में विवाद रहता था। रीना को उसका दबंग भाई रोहित पुत्र रामफल सहयोग करता था। सोमवार को उनके बेटे ने जल्द घर पहुंचने की जानकारी दी थी। उसने एक दो दिन में गांव पहुंचकर उनसे मिलने आने की बात कही थी। पिता के अनुसार उनका बेटा पुत्रवधू को सूचना दिए बिना सोमवार सुबह 11 बजे पहुंच गया। घर पहुंचने पर पत्नी ने हालचाल पूछने के बजाए दिन में अचानक आने का सवाल दाग दिया। पत्नी से बताया कि ट्रेन लेट होने के कारण वह दिन में आया है। मृतक के पिता ने थाने में बताया कि गलत आचरण को लेकर दोनों में विवाद हुआ। शाम को सतेंद्र अपने कमरे में चला गया। इसी दौरान उसकी पत्नी ने अपने भाई रोहित व तीन अन्य के साथ मिलकर बिस्तर पर लेटे सतेंद्र को दबोच लिया और गला व मुंह दबाकर हत्या कर दी।
सीओ ब्रिजेश कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या मुंह दबाने से होनी आई है। मृतक जवान की पत्नी रीना, उसके भाई रोहित व तीन अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।