जैव विविधता के रहस्यों से साइंस एक्सप्रेस ने उठाया पर्दा
मेरठ : मेरठ कैंट स्टेशन पर पहुंची साइंस एक्सप्रेस ने मंगलवार को सृष्टि की गोद में पसरे पड़े जैव विविधता के रहस्यों से पर्दा उठाया। पहले ही दिन स्कूली छात्रों के साथ ही बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों संग ट्रेन देखने पहुंचे। ट्रेन में जीव-जंतु, उनकी क्रिया-व्यवहार, जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण, विज्ञान व गणित की अवधारणाओं को जानकर हर कोई चकित हो उठा।
भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिक विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा रेल मंत्रालय की ओर से चलाई जा रही 'साइंस एक्सप्रेस-जैव विविधता विशेष (एसईबीएस)' के रूप में चल रही यह ट्रेन मंगलवार को कैंट स्टेशन पहुंची। 16 कोच की इस ट्रेन के विविध कोचों में भारत की अद्वितीय जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन एवं ग्रीन हाउस गैसों के कम उत्सर्जन के लिए जागरूक किया गया। स्कूल-कालेज के छात्रों के मन उमड़ते अनेक सवालों के जवाब इस प्रदर्शनी में मिले।
एसईबीएस के आठ कोच में जैव भौगोलिक क्षेत्रों में फैले असंख्य जीवों व पेड़-पौधों की विविधता को दर्शाया गया है। इनमें ट्रांस हिमालया एवं हिमालया, गंगा के मैदान, उत्तर पूर्व भारत, पश्चिमी घाट, रेगिस्तान और अर्धशुष्क क्षेत्र, डेक्कन प्रायद्वीप तथा इनमें समुद्रीय, तटीय, वन्य, सूक्ष्म जीवाणु एवं कृषिक जैव विवधता और उनसे जुड़े आजीविका एवं उनके संरक्षण संबंधित चुनौतियों को विविध प्रदर्शनी, मॉडल आदि से प्रदर्शित किया गया। इसी के साथ किड्स जोन में नन्हे बच्चों ने पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने वाले खेल खेलने तथा विज्ञान एवं गणित के मॉडल्स के जरिए ज्ञानार्जन किया। प्रत्येक कोच में समझाने के लिए इंस्ट्रक्टर तैनात रहे, जिन्होंने छात्रों के सवाल और प्रदर्शनी की उपयोगी जानकारी दी।