महापौर के मोहल्ले में भी कूड़े के ढेर
मेरठ : मेरठ शहर की सफाई व्यवस्था का आइना अगर देखना है तो बेगमबाग में आकर देखा जा सकता है। शहर की पूर्व महापौर मधु गुर्जर और वर्तमान महापौर हरिकांत अहलुवालिया का आवास यही हैं। वीआइपी व पॉश क्षेत्र होने के बावजूद यहां रहने वाले लोग रात दिन गंदगी का सामना करने हैं। कूड़े की भीषण दुर्गध झेलते हैं तथा हल्की सी बारिश में नाले नालियों के पानी का सामना अपने घर और दुकानों में ही करते हैं।
बेगमबाग तथा इसके आसपास का क्षेत्र नगर निगम के वार्ड 41 में शामिल है। यहां सफाई व्यवस्था का हाल बेहाल है। सोमवार को जन्माष्टमी का पर्व था, निगम विशेष रूप से साफ सफाई कराता है, लेकिन यहां के हालात गंभीर थे। गली में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे थे, जहां आवारा पशुओं की कतार लगी थी। नाले न नालियां ऊपर तक सिल्ट से भरे थे। मोहल्ले के किशनलाल ने बताया कि यहां न तो रोजाना सफाई होती है और न ही कूड़ा उठाया जाता है। गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि मुहल्ले की नाली और नाले हमेशा गंदे पानी व सिल्ट से लबालब रहते हैं। मुकेश मलिक ने बताया कि गढ़ रोड से बेगमबाग के प्रवेश मार्ग की पुलिया कई साल से अटी है। उसी के कारण यहां नाले नालियों का पानी नहीं निकल पाता। नेहा गुप्ता की माने तो जरा सी बारिश लोगों को घरों में कैद कर देती है। यहां सड़कों तथा घरों व दुकानों में कई-कई फीट पानी भर जाता है। वंदना सिंह ने बताया कि गंदगी के कारण मच्छरों की फौज है। कोई भी नेता जनता की समस्या को नहीं सुन रहा है।
इन्होंने कहा..
वार्ड की इस बदहाली के जिम्मेदार निगम के अधिकारी हैं। एनएएस से मेघदूत तक तथा बच्चा पार्क से बेगमपुल तक का नाला केवल कागजों में ही साफ होता है। नाले साफ हों तो गलियों और घरों में पानी नहीं भर सकता। इन हालात में हम खुद शर्मसार रहते हैं। इन हालात से निपटने के लिए जनता का सहयोग भी चाहिए।
- रेणु गुप्ता, पार्षद वार्ड 41
बेगमबाग क्षेत्र में गंदगी की शिकायत मिली है। यहां सफाई के लिए विशेष अभियान चलवाया जाएगा।
- हरिकांत अहलुवालिया, महापौर
सफाई न होने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। बेगमबाग में मंगलवार को विशेष सफाई कराई जाएगी। जनता भी सफाई होने के बाद घरों का कूड़ा सड़क पर न फेंके।
- अब्दुल समद, नगर आयुक्त।