घर में सो रहे वृद्ध की गोली मारकर हत्या
मेरठ : गांव धनपुर में एक दलित वृद्ध की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी परिजनों को सोमवार सुबह जागने पर हुई।
पुलिस के अनुसार धनपुर निवासी चंद्रभान (70) पुत्र रिढ़कू सिंह झाड़-फूंक का काम करता था। गांव में उसकी एक बीघा खेती की जमीन है। चंद्रभान के एक पुत्र राजेन्द्र व चार पुत्रियां है। सभी की शादी हो चुकी है। राजेन्द्र एक टांग से विकलांग है और दूध का काम करता है। रविवार रात्रि चंद्रभान खाना खाकर आंगन में बिछी चारपाई पर सो गया। बगल में उसकी पत्नी राम कटोरी दूसरी चारपाई पर सो रही थी। पुत्र राजेन्द्र अपनी पत्नी व बच्चों के साथ छत पर जाकर सो गया।
सोमवार तड़के चार बजे राजेन्द्र दूध निकालने गांव में चला गया। लगभग छह बजे अन्य परिजन जागे तो देखा कि चंद्रभान का खून से सना शव चारपाई पर पड़ा था। उसकी कनपटी पर सुराख बना था जिसमें खून बहकर कपड़ों व चारपाई पर फैल गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र ने अज्ञात में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
किसी ने नही सुनी
गोली की आवाज
मृतक चंद्रभान का घर गांव के अंतिम छोर पर है। बाद में जंगल शुरू हो जाता है। पड़ोसियों के मकान सटे हए हैं। चंद्रभान की हत्या गोली मारकर करने की बात कही जा रही है लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि बगल में सोई पत्नी तक को गोली चलने की आवाज सुनाई नहीं दी। इतना ही नहीं छत पर सो रहे पुत्र व आस पड़ोस के लोगों ने भी फायरिंग की आवाज नहीं सुनी। मृतक का पुत्र व पड़ोसी किसी प्रकार के जमीनी विवाद या रंजिश से इन्कार कर रहे हैं। थाना प्रभारी पीके सिंह का कहना है कि हो सकता है कि हत्या गोली की बजाय किसी नुकीले हथियार से की गई हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।