नृत्य के माध्यम से किया कृष्ण लीलाओं का भावपूर्ण मंचन
मेरठ: थापरनगर स्थित दीपक कत्थक केंद्र शास्त्रीय संगीत महाविद्यालय के तत्वावधान में श्री कृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनायी गयी। जन्माष्टमी के पर्व पर सांस्कृतिक नृत्य संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय की छात्राओं ने नृत्य के माध्यम से श्री कृष्ण की विभिन्न लीलाओं का प्रभावपूर्ण मंचन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान भारती स्कूल की प्रधानाचार्या सारिका गोयल, सुमन शर्मा तथा पायल गोयल ने दीप प्रज्ज्वलित किया। सिमरन, निकिता, अनापरा, समायरा तथा अनन्या ने कत्थक के माध्यम से कृष्ण लीला का सुंदर मंचन किया। अंत में तनिष्का, रिद्धि, वर्णिका, सम्यक्ता, परी तथा मेधा द्वारा डांडियां नृत्य से बाल गोपाल की स्तुति प्रस्तुत की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गोविंद कत्थक, दीपक कत्थक, संजय सक्सेना, कंचन, रितिका, राजेंद्र परिहार आदि का सहयोग रहा। संचालन संजय सक्सेना ने किया।