लड़की संस्कारी चाहिए, लड़का हो नशे से दूर
मेरठ : जॉब के साथ लड़कियां नशे की प्रवृति से दूर रहने वाले जीवनसाथी की चाह रख रही हैं। रविवार को शिवशक्ति नगर स्थित जैनिस पैलेस में ब्राह्माण समाज संगठन द्वारा आयोजित युवक-युवती परिचय सम्मेलन में लड़कों ने नौकरीशुदा की अपेक्षा संस्कारी लड़कियों को तरजीह दी। सम्मेलन में 423 रजिस्ट्रेशन हुए जिसमें से पचास युवक-युवतियों ने वैवाहिक बंधन में बंधने की रजामंदी दिखाई।
अष्टम ब्राह्माण युवक-युवती परिचय सम्मेलन में 191 युवती तो 232 युवकों ने भाग लिया। लड़कों में एनटीपीसी से जैसी कंपनियों में एक लाख रुपये सेलरी पा रहे लड़के शामिल हुए तो लड़कियों में एमटेक और बीटेक उपाधि प्राप्त की संख्या अधिक रही। सरकारी नौकरी, इंजीनियर, डाक्टर जैसे प्रोफेशन में लगे लड़कों ने भी भाग लिया। सम्मेलन में आए लोगों को उनकी इच्छानुसार परिवारों की वार्ता कराई गई। एक बात साफ नजर आई लड़कियों और उनके परिजनों ने इस बात पर ज्यादा जोर दिया कि लड़का किसी भी प्रकार का नशा न करता हो। लड़कों की प्राथमिकता संस्कारी लड़की की रही हालांकि उन्होंने जॉब वाली लड़कियों की बाबत भी चाह दिखाई। संचालन ओमवीर शर्मा ने किया। अध्यक्षता जीतेंद्र मणि ने की। समाज में उल्लेखनीय योगदान के लिए देवेंद्र कुमार शर्मा, जीतेंद्र मणि शर्मा, रमेश चंद शर्मा, युवराज शर्मा, रामबाबू शर्मा, रामभरोसे शर्मा, प्रमोद कुमार, शिवमंगल द्विवेदी को सम्मानित किया गया। डा. सुरेश चंद कौशिक, माया प्रकाश, कृष्ण कुमार शर्मा किशनी, सुमनेश सुमन, सुदामा शर्मा, मांगे राम भराला, योगेंद्र शास्त्री, आदि मौजूद रहे।