नेहा के सनसनीखेज कत्ल का राजफाश
मेरठ : महानगर के बीच जिमखाना मैदान के पास हुए सनसनीखेज कत्ल का खुलासा भी हैरतअंगेज निकला। जिस युवती की शिनाख्त दो दिन पहले गाजियाबाद निवासी नेहा वर्मा के रूप में हुई, उसका कत्ल प्रेमी ने साथियों के साथ मिलकर किया था। वजह बताई गई कि नेहा प्रेमी को छोड़कर दूसरे युवक से इश्क करने लगी थी। यही बात प्रेमी को नागवार गुजरी तो उसने दो साथियों के साथ मिलकर नेहा की हत्या कर दी। पुलिस ने सर्विलांस से मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी और उसका साथी फरार हैं।
मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में नेहा हत्याकांड का खुलासा करते हुए एसएसपी ओंकार सिंह ने बताया कि नेहा की हत्या उसके प्रेमी वसीम इलाही उर्फ अली निवासी अब्दुलवाली गली, उसके साथी आसिफ उर्फ बुरसी निवासी खैरनगर और सुहेब निवासी कांच का पुल लिसाड़ीगेट ने मिलकर की थी। एसएसपी के मुताबिक, नौ माह पहले गाजियाबाद लिंक रोड थाने के पैसफिक मॉल में खरीदारी के दौरान नेहा की मुलाकात वसीम से हुई थी। इसके बाद वसीम उसे आनंद विहार स्थित डिस्को में ले गया। फिर तो नेहा का उसके पास आना जाना हो गया। नेहा ने उसे अपना नाम बदलकर सना बताया था। नेहा वसीम और उसके दोस्तों के साथ मसूरी से लेकर नैनीताल तक घूमने गई थी। इसी बीच नेहा ने वसीम को नजरअंदाज कर सोतीगंज के युवक से बातें करनी शुरू कर दी। यह वसीम को नागवार गुजरा। उसने नेहा की हत्या करने की प्लानिंग आसिफ और सुहेब के साथ मिलकर तैयार की। गुरुवार दोपहर डेढ़ बजे नेहा गाजियाबाद से मेरठ पहुंची, जिसे वसीम ने आबूलेन स्थित मोती महल होटल में ठहराया। यहां से रात नौ बजे वसीम नेहा को एक्टिवा पर बैठाकर निकला। दूसरी बाइक पर आसिफ और सुहेब थे। तीनों नेहा को दो घंटे तक शहर में घुमाते रहे। वसीम ने 11.20 बजे जिमखाना मैदान के पास एक्टिवा से नीचे उतारकर नेहा को गोली मार दी। वहां से वसीम, सुहेब और आसिफ अपने घर लौट गए। वसीम ने नेहा के गले से चेन और मोबाइल निकाल लिया था। पुलिस ने 25 वर्षीय आसिफ को गिरफ्तार कर लिया है। फरार चल रहे दो आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है।
ये था मामला :
17 अप्रैल को जिमखाना मैदान के पास युवती का शव मिला था। 72 घंटे बाद उसकी शिनाख्त गाजियाबाद के विजय नगर निवासी नेहा वर्मा के रूप में हुई। नेहा दो बच्चों की मां थी, वर्ष 2008 में गाजियाबाद के नंदग्राम निवासी विपिन वर्मा पुत्र विरेंद्र कुमार के साथ लवमैरिज हुई थी, जिसकी नंद ग्राम में पंजी नाम से ज्वैलर्स की दुकान है। उसका पति के साथ तलाक का मुकदमा चल रहा था।