सैनिक विहार में परिवार को बंधक बनाकर डाला डाका
मेरठ : कंकरखेड़ा के सैनिक विहार में बदमाशों ने धावा बोलकर पूरे परिवार को बंधक बनाकर डकैती डाली। घंटों घर खंगालने के बाद महिला की गर्दन पर चाकू मारकर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी थी।
सैनिक विहार कालोनी में रामेश्वर का परिवार रहता हैं। रामेश्वर मूल रूप से मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के थाना लोकेशनगर में छतरपुर के रहने वाले हैं। शनिवार को घर पर रामेश्वर की पत्नी ताना शाहू, बेटी पूजा, बबीता और बेटा नीरज व अभिषेक तथा ताना शाहू के भाई गुलजारी लाल मौजूद थे। करीब साढ़े दस बजे पांच बदमाशों ने मकान के बाहर नींद ले रहे गुलजारी लाल को बंधक बना लिया। इसके बाद अंदर प्रवेश कर अभिषेक और नीरज को रस्सी से बांध दिया। पूरा घर खंगालने के बाद ताना शाहू ने विरोध किया तो उनकी गर्दन पर चाकू मार दिया। घर के अंदर घंटों लूटपाट करने के बाद बदमाश भाग गए। परिवार के लोगों ने शोर मचा दिया तो कालोनी के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल शुरू कर दी थी। साथ ही खून से लथपथ ताना शाहू को पास के अस्पताल में भर्ती करा दिया। महिला के बेटे अभिषेक के मुताबिक, बदमाश घर से लाखों का सामान और मोबाइल ले गए हैं।
उधर, एसओ महावीर सिंह का कहना है कि विरोध करने पर बदमाश लूटपाट नहीं कर पाए और महिला को चाकू मारकर भाग गए। पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों को पकड़ा जाएगा।