सरेशाम वर्धमान इंडस्ट्रीज में युवक को गोली मारी
मेरठ : दिल्ली रोड पर वर्धमान इंडस्ट्रीज स्थित फैक्ट्री में लेबर का काम करने वाले युवक को दो लोगों ने गोली मार दी। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के पीछे घायल के भाई के ससुरालियों से चल रहे विवाद को माना जा रहा है।
लिसाड़ी गेट थाने के खत्ता रोड स्थित तारापुरी निवासी अलताफ दिल्ली रोड पर वर्धमान इंडस्ट्रीज स्थित फैक्ट्री के अंदर लेबर रूम में काम करता है। गुरुवार को वह ड्यूटी पूरी करने के बाद जैसे ही फैक्ट्री से निकला। तभी पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो युवकों ने अलताफ पर गोलियां बरसा दीं, जिसमें से एक गोली उसके पेट में जा लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। एसओ सुरेंद्रनाथ का कहना है कि घायल अलताफ के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। उसने बताया कि हमला करने वाले घायल अलताफ के भाई शादाब के साले सलीम और रिफाकत थे। दरअसल, शादाब का उसकी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। इसी को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। एसओ ने बताया कि घायल के अनुसार बताए गए हमलावरों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
मलियाना में युवक को चाकू मारा
मेरठ : टीपीनगर के मलियाना में युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने बताया कि मलियाना के रहने वाले दिलशाद का पड़ोसी युवकों से विवाद चल रहा है। जिसके चलते जब वह अपने घर के बाहर खड़ा था तभी आरोपी युवकों ने उसे चाकू मार दिया। उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की तहरीर थाने में दे दी है।