'देशहित में नहीं सोच रहे राज-काज करने वाले'
मेरठ : वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह ने कहा कि बीते 66 वर्षो में हम जिस रास्ते पर चले थे, उसे उबड़-खाबड़ कर दिया गया है। आज राजनेताओं ने जो कुछ किया है, उससे भारत में रक्षा, विदेश नीति सभी को नुकसान पहुंचा है। यह ईश्वरीय त्रुटि नहीं, बल्कि मानवीय दोष है। जसवंत सिंह एनएएस कालेज में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 98वें जन्मोत्सव पर पं. दीनदयाल उपाध्याय सेवा संस्थान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विचार व्यक्त कर रहे थे।
'एकात्म मानववाद' के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि उनके अंदर अहंकार नहीं था। सरल व्यवहार के साथ उन्होंने सभी को एक साथ लेकर काम किया। आज के नेताओं को उनके आदर्शो को अपने जीवन में उतारने की जरूरत है। दिल्ली में राज-काज करने वालों को राष्ट्रहित में सोचना होगा, वरना इससे देश के नागरिकों को नुकसान होगा। मुजफ्फरनगर में विषाक्त परिस्थितियां देखने को मिलीं, इससे बहुत दुख हुआ। मनुष्यों की हत्या करके राजनीति सही नहीं है। देश में 127 जिले माओवाद से ग्रस्त हैं। देश और विदेश की परिस्थिति परिवर्तन की आहट दे रही है। इस परिवर्तन से सभी को जुड़ना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता डा. मुकेश परमार ने की। सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक रवींद्र भड़ाना, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, दीनदयाल उपाध्याय सेवा संस्थान के अध्यक्ष श्रीगोपाल गुप्ता, महामंत्री डा. ब्रजभूषण शर्मा, समाजसेवी अनिल कंसल व योगेश गोयल आदि मौजूद रहे।
पुरस्कृत हुए मेधावी
पं. दीनदयाल उपाध्याय सेवा संस्थान की ओर से कक्षा एक से 12वीं तक हिंदी माध्यम के स्कूलों के 60 छात्र-छात्राओं को 42 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा एक सितंबर को हुई सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर